समाचार · हरियाणा
युवक का अपहरण कर लाठी और डंडों से पीटा, हालत गंभीर
| पानीपत किला थाना क्षेत्र स्थित बनियों वाले श्मशान घाट के पास स्कूटी ठीक कराने गए एक युवक का बदमाशों ने अपहरण कर लिया। आरोपी उसे दलबीर नगर ले गए और लाठी-डंडों से बेरहमी से पिटाई की। उसका सिर खंभे में दे मारा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। लोगों ने घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां से उसे गंभीर हालत में पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। अशोक विहार कॉलोनी निवासी पीड़ित दानिश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे वह गिरिश की दुकान पर स्कूटी ठीक करवाने गया था। वहां न्यू दलबीर नगर निवासी रवि आया और उसे बातों में उलझाकर एक तरफ ले गया। वहां पहले से ही मोटरसाइकिलों पर 10-12 युवक मौजूद थे, जिनमें पवन, उसका भाई राहुल, गौरव, अनुज जोगी, लक्की और प्रिंस शामिल थे। आरोपियों ने मारपीट के बाद दानिश को जबरन बाइक पर बीच में लिटाकर अपहरण कर लिया और रवि के घर के सामने ले जाकर पीटा। इलाज के बाद पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।