Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · राजस्थान

दिवाली से पहले घुटने लगा दिल्ली का दम: 'गंभीर' होने की कगार पर प्रदूषण, कई इलाकों में AQI 450 पार

INT News6 November 2026 at 09:15 am

Delhi Pollution: दिवाली से कुछ दिन पहले दिल्ली की हवा लगातार खराब होती जा रही है. शुक्रवार सुबह राजधानी में धुंध की मोटी परत छाई रही और वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 387 दर्ज किया गया. यह स्तर 'बहुत खराब' श्रेणी में आता है और गंभीर यानी 'सीवियर' स्तर से कुछ ही अंक नीचे है. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली की हवा लगातार पांचवें दिन बहुत खराब श्रेणी में बनी हुई है.

28 मॉनिटरिंग स्टेशनों पर प्रदूषण गंभीर

CPCB के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के 59 सक्रिय मॉनिटरिंग स्टेशनों में से 28 पर AQI 400 के पार पहुंच गया. रोहिणी में सबसे ज्यादा 473 AQI दर्ज किया गया. इसके बाद पंजाबी बाग में 464, आरके पुरम में 441, अलीपुर और सोनिया विहार में 435, ओखला फेज-2 में 426, नॉर्थ कैंपस में 424 और ITO में 420 AQI रहा. नजफगढ़ में भी सूचकांक 412 दर्ज किया गया.

सप्ताहभर में लगातार बढ़ा AQI

दिल्ली में प्रदूषण का स्तर इस सप्ताह लगातार बढ़ा है. उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, सोमवार को AQI 324, मंगलवार को 350 और बुधवार को 377 दर्ज किया गया. गुरुवार को सुबह 7 बजे यह 369 था, जो शुक्रवार सुबह 7 बजे बढ़कर 387 हो गया. इससे साफ है कि राजधानी में प्रदूषण का दबाव लगातार बढ़ रहा है.

शुक्रवार से रविवार तक गंभीर श्रेणी का अनुमान

एयर क्वालिटी अर्ली वार्निंग सिस्टम (AQEWS) ने शुक्रवार से रविवार के बीच दिल्ली की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंचने की आशंका जताई है. बुलेटिन के अनुसार, इसके बाद के छह दिनों में भी वायु गुणवत्ता गंभीर से बहुत खराब श्रेणी में रह सकती है. यानी दिवाली के आसपास राजधानी के लोगों को प्रदूषण से राहत मिलने की संभावना फिलहाल कम है.

धीमी हवा से नहीं छंटेगा प्रदूषण

मौसम की परिस्थितियां भी प्रदूषण को बढ़ाने वाली बनी हुई हैं. वेंटिलेशन इंडेक्स 6,000 वर्ग मीटर प्रति सेकंड से नीचे रहने और औसत हवा की रफ्तार 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम रहने का अनुमान है. ऐसी स्थिति में प्रदूषक कण वातावरण में लंबे समय तक बने रह सकते हैं और स्मॉग की परत छंटने में मुश्किल होती है.

दिवाली के बाद फिर बढ़ सकता है प्रदूषण

स्काईमेट के महेश पलावत के मुताबिक, 7 नवंबर तक दिल्ली में उत्तर-पश्चिमी हवाएं चलने की संभावना है. 8 नवंबर की रात से हल्की पूर्वी हवाएं शुरू हो सकती हैं, जिससे दिवाली के दिन प्रदूषण को कुछ हद तक फैलने में मदद मिल सकती है. हालांकि, 9 नवंबर को हवाएं कमजोर पड़ने पर प्रदूषण फिर बढ़ सकता है. पटाखों का धुआं, पराली जलाने की घटनाएं और मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियां स्थिति को और खराब कर सकती हैं.

GRAP-II के तहत पानी का छिड़काव

दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए GRAP-II के तहत नगर निकायों की ओर से पानी का छिड़काव किया जा रहा है. ITO, अक्षरधाम, इंडिया गेट और आनंद विहार के आसपास सुबह के समय धुंध और प्रदूषण की स्थिति देखी गई. CPCB के वर्गीकरण के अनुसार, 301 से 400 के बीच AQI 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच 'गंभीर' श्रेणी में आता है.

ये भी पढ़ें: Aaj Ka Mausam: दक्षिण भारत के 5 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, बिहार-झारखंड में शांत रहेगा मौसम; जानें देशभर का हाल

ये भी पढ़ें: MP Weather: मध्य प्रदेश में 6 से 12 नवंबर तक कैसा रहेगा मौसम? IMD ने बारिश और तापमान को लेकर जारी किया पूर्वानुमान

ये भी पढ़ें: Rajasthan Weather Today: राजस्थान में आज खिलेगी धूप, बारिश का अलर्ट नहीं; बाड़मेर में 37.6 डिग्री पहुंचा तापमान