समाचार · हरियाणा
बाल भवन में 11डी शो का रोमांच, हवा-धुंध के साथ हिलेंगी सीटें
| अम्बाला शहर के बाल भवन में आने वाले समय में दर्शकों को एक नया अनुभव मिल सकता है। यहां 11डी तकनीक पर आधारित मल्टीमीडिया शो शुरू करने की तैयारी है। इसके लिए नगर निगम ने शो की रूपरेखा तैयार करने, उपकरण लगाने और उसे शुरू करने के लिए टेंडर आमंत्रित किए हैं। इसमें बड़ी स्क्रीन पर फिल्म दिखाने के साथ ऐसी तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा, जिससे दर्शक खुद को शो का हिस्सा महसूस कर सकेंगे। टेंडर के अनुसार शो की एक प्रस्तुति करीब 20 मिनट की होगी। इसमें आवाज और तस्वीरों के साथ हवा, धुंध और खुशबू जैसे विशेष प्रभाव भी शामिल किए जाएंगे। टेंडर दस्तावेज के मुताबिक शो के लिए करीब 60 फीट लंबी और 30 फीट ऊंची स्क्रीन लगाई जाएगी। इस पर 4के गुणवत्ता वाली तस्वीरें दिखाने के लिए 32 हजार ल्यूमेंस क्षमता का लेजर प्रोजेक्टर लगाया जाएगा। दर्शकों के लिए 60 मोशन प्लेटफॉर्म यानी हिलने वाली सीटों की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। शो के दौरान हवा और धुंध पैदा करने वाली मशीनों के साथ विशेष रोशनी और खुशबू का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे दर्शकों को स्क्रीन पर दिख रहे दृश्य का अहसास कराने की कोशिश होगी।