Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अपराधियों की कुंडली खंगालेगी उज्जैन पुलिस:महाकाल मंदिर क्षेत्र के होटल, लॉज और विक्रेताओं का डिजिटल डेटाबेस तैयार

INT News1 August 2026 at 05:43 pm

उज्जैन पुलिस ने विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर क्षेत्र को अपराधमुक्त बनाने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए एक विशेष अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत मंदिर के आसपास संचालित होटल, लॉज, धर्मशालाओं, फूल-प्रसाद विक्रेताओं और तिलक लगाने वाले लोगों सहित अन्य प्रतिष्ठानों से जुड़े व्यक्तियों का डिजिटल डेटाबेस तैयार किया जा रहा है। महाकाल थाना प्रभारी गगन बादल ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह जानकारी पुलिस आई-ऐप के माध्यम से एकत्र की जा रही है। पुलिस टीमें संबंधित व्यक्तियों के आधार कार्ड, मोबाइल नंबर, फोटो, नाम, पता और अन्य आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कर उन्हें डिजिटल रूप से दर्ज कर रही हैं। अब तक लगभग 300 से 350 लोगों का सत्यापित डेटा ऐप में फीड किया जा चुका है। यह अभियान पिछले लगभग एक महीने से लगातार जारी है। पुलिस का उद्देश्य केवल रिकॉर्ड तैयार करना नहीं है, बल्कि यह सुनिश्चित करना भी है कि महाकाल क्षेत्र में कोई आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति सक्रिय न रहे। सत्यापन के बाद संबंधित लोगों का आपराधिक रिकॉर्ड भी जांचा जाएगा। यदि किसी व्यक्ति के खिलाफ गंभीर आपराधिक मामले दर्ज पाए जाते हैं या उसकी गतिविधियां संदिग्ध मिलती हैं, तो नियमानुसार उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। आवश्यकता पड़ने पर उसे महाकाल मंदिर क्षेत्र से हटाने की प्रक्रिया भी अपनाई जाएगी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराना है। डिजिटल डेटाबेस की मदद से किसी भी ठगी, अभद्र व्यवहार या विवाद की शिकायत सामने आने पर संबंधित व्यक्ति की तुरंत पहचान कर त्वरित कार्रवाई की जा सकेगी।