समाचार · पंजाब
फरीदकोट में 50 किलो घटिया मिठाई नष्ट करवाई:हलवाई की दुकानों पर स्वास्थ्य विभाग की छापेमारी, संचालकों को कार्रवाई की चेतावनी
त्योहारों के सीजन में मिठाइयों में मिलावट रोकने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने जांच अभियान तेज कर दिया है। फरीदकोट जिले के जैतो और बाजाखाना में फूड सेफ्टी विंग की टीम ने हलवाई की दुकानों पर जांच की। जैतो में घटिया गुणवत्ता की करीब 50 किलो मिठाई मिली, जिसे टीम ने मौके पर ही नष्ट करवा दिया। इसके अलावा अलग-अलग खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए। डीसी राहुल चाबा और सिविल सर्जन डॉ. रमणदीप सिंगला के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। फूड सेफ्टी अधिकारी नवदीप चहल ने दुकानों में मिठाइयों और अन्य खाद्य पदार्थों की जांच की। उन्होंने दुकानदारों को खाद्य सामग्री तैयार करने और बेचने के दौरान सफाई का ध्यान रखने के निर्देश दिए। मिठाइयां ढककर रखने की हिदायत अधिकारी ने दुकानदारों को मिठाइयां और अन्य खाद्य पदार्थ ढककर रखने के साथ दुकानों और रसोई में साफ-सफाई बनाए रखने को कहा। उन्होंने चेतावनी दी कि मिलावटी या घटिया खाद्य सामग्री बेचने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। त्योहारों तक जारी रहेगा अभियान फूड सेफ्टी अधिकारी ने कहा कि त्योहारों के दौरान लोगों को शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा। कार्रवाई के दौरान टीम सहायक त्रिलोक सिंह भी मौजूद रहे।