समाचार · उत्तर प्रदेश
Magh Mela 2027: प्रयागराज में श्रद्धालुओं के लिए खास तैयारी, रात होते ही जगमगाएंगे 10 प्रमुख रास्ते, इन 30 चौराहों की भी बदलेगी सूरत

Prayagraj Magh Mela 2027: प्रयागराज में माघ मेला 2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं. मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं देने और संगम नगरी की सुंदरता बढ़ाने के लिए नगर निगम ने विशेष योजना तैयार की है. इसके तहत मेला क्षेत्र को शहर से जोड़ने वाली 10 प्रमुख सड़कों और 30 चौराहों को आकर्षक लाइटिंग से सजाया जाएगा. इस पूरी योजना पर करीब 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे.
10 प्रमुख मार्गों पर होगी आकर्षक लाइटिंग
नगर निगम की योजना के तहत मेला क्षेत्र तक पहुंचने वाले प्रमुख मार्गों पर स्ट्रीट लाइट दुरुस्त कराई जाएंगी. इसके साथ ही सड़कों और प्रमुख चौराहों पर विशेष सजावटी प्रकाश व्यवस्था की जाएगी. इन स्थानों पर फसाड लाइट लगाने के साथ झालरों से भी सजावट होगी, जिससे रात के समय शहर का नजारा आकर्षक दिखाई देगा.
इन इलाकों को मिलेगा रोशनी का लाभ
नगर निगम की ओर से फाफामऊ, झूंसी, नैनी, दारागंज, माधवपुर और अलोपीबाग को जोड़ने वाली सड़कों पर विशेष लाइटिंग कराई जाएगी. इन मार्गों से मेला क्षेत्र तक पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर रोशनी की सुविधा मिलेगी. इसके अलावा दारागंज, बैरहना, झूंसी, नैनी और फाफामऊ समेत अन्य क्षेत्रों के 30 चौराहों को भी रोशन किया जाएगा.
श्रद्धालुओं को मिलेगी आवागमन में सहूलियत
माघ मेले के दौरान देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु प्रयागराज पहुंचते हैं. ऐसे में प्रमुख सड़कों और चौराहों पर पर्याप्त रोशनी होने से रात में आवागमन आसान होगा. सजावटी लाइटिंग से श्रद्धालुओं को रास्तों पर बेहतर सुविधा मिलने के साथ शहर की खूबसूरती भी बढ़ेगी.
60 लाख रुपये की तैयार की गई कार्ययोजना
नगर निगम के विद्युत एवं यांत्रिक विभाग के मुख्य अभियंता संजय कटियार ने बताया कि माघ मेला 2027 को देखते हुए 10 प्रमुख सड़कों और 30 चौराहों के सुंदरीकरण की योजना बनाई गई है. इस पर करीब 60 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे. आकर्षक लाइटिंग का उद्देश्य श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा देने के साथ संगम नगरी को सुंदर और आकर्षक बनाना है.