समाचार · मध्य प्रदेश
एक पक्ष बोला- गालियां देने से रोका तो डंडे मारे:दूसरे पक्ष ने कहा- ट्यूबवेल से पानी लेने पर कुल्हाड़ी मारी, शिवपुरी में क्रॉस FIR
शिवपुरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में आने वाले गांव रातौर में खेत में बने ट्यूबवेल से पानी देने की बात को लेकर दो गुट आपस में भिड़ गए। पानी चलाने की बात से शुरू हुआ कहासुनी का विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों के बीच जमकर लाठी-डंडे और धारदार हथियार चल गए। मारपीट में दोनों तरफ से लोग घायल हुए हैं। घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों की फरियाद सुनकर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन में जुट गई है। पहले पक्ष का आरोप क्या है? गांव रातौर की रहने वाली 21 साल की सीमा जाटव का कहना है कि रविवार दोपहर वह अपने खेत पर बोरवेल चला रही थी। उसी समय गांव के ही अंकेश रावत और उसके पिता नरेंद्र रावत वहां आ पहुंचे। सीमा का आरोप है कि पुरानी रंजिश को लेकर दोनों ने उसे जातिसूचक शब्द कहते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। जब उसने विरोध किया तो अंकेश ने उसके साथ हाथपाई की। वहीं, बहन को बचाने आए भाई उम्मेद सिंह जाटव को भी नरेंद्र रावत ने डंडे से बुरी तरह पीट दिया। दूसरे पक्ष ने क्या बताया? वहीं, दूसरे पक्ष के शिवपुरी निवासी नरेंद्र रावत ने अपनी शिकायत में अलग ही कहानी बताई है। नरेंद्र का कहना है कि वह अपने बेटे अंकित के साथ रातौर स्थित खेत पर गया था। वहां उनके ट्यूबवेल से पानी लेने को लेकर परसादी जाटव से बहस हो गई। आरोप है कि देखते ही देखते परसादी जाटव, उसका बेटा बंटी, पत्नी कस्सो और बेटी अनीता ने मिलकर उन पर हमला कर दिया। नरेंद्र के मुताबिक, परसादी ने कुल्हाड़ी और बंटी ने लोहे की सरिया से वार किया। इस दौरान जब उसका बेटा घटना का वीडियो बनाने लगा, तो बंटी ने सरिया मारकर उसका मोबाइल भी तोड़ डाला। पुलिस ने दोनों पक्षों पर दर्ज किया क्रॉस केस पानी के विवाद में खूनी संघर्ष की खबर मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों ही पक्षों की शिकायतों पर क्रॉस केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए गए हैं और घायलों का डॉक्टरी परीक्षण कराकर मामले की जांच की जा रही है।