समाचार · उत्तर प्रदेश
प्रेमी पहुंचा जेल तो प्रेमिका ने संभाली नशे की सल्तनत, चाय की दुकान से नेपाल तक फैला चरस तस्करी का खेल

UP News: प्रेमी के जेल जाते ही प्रेमिका ने ऐसा कदम उठाया कि पुलिस भी हैरान रह गई. जिस शख्स के साथ वह रहती थी, उसके जेल पहुंचने के बाद कथित तौर पर उसने चरस तस्करी का पूरा कारोबार अपने हाथों में ले लिया. बाहर से चाय की दुकान चलती रही, लेकिन अंदरखाने नेपाल से नशे की खेप मंगाने और उसे शहर में खपाने का खेल चलता रहा. कानपुर में पुलिस की छापेमारी ने इस कथित नेटवर्क का पर्दाफाश किया है. बजरिया पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम ने शबनम बेगम उर्फ चच्ची को गिरफ्तार किया है. उसके पास से 3.131 किलोग्राम चरस बरामद होने की बात सामने आई है.
प्रेमी के जेल जाते ही संभाल लिया तस्करी का कारोबार
पुलिस के मुताबिक, शबनम बेगम के पति की मौत हो चुकी है. इसके बाद वह रियाज उर्फ खटोला के साथ रहने लगी थी. रियाज कथित तौर पर चरस की तस्करी और बिक्री के धंधे में शामिल था. करीब 20 दिन पहले पुलिस ने उसे एक किलो चरस और अवैध पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था. रियाज के जेल जाने के बाद शबनम ने कथित तौर पर उसके नशे के कारोबार की कमान संभाल ली. पुलिस की जांच में सामने आया कि वह रियाज के करीबी साथी सईद के जरिए नेपाल से चरस मंगवाती थी. इसके बाद शराफत और अन्य साथियों की मदद से शहर में इसकी सप्लाई कराई जाती थी.
चाय की दुकान की आड़ में चल रहा था काला कारोबार
शबनम कानपुर के कंघीमोहाल इलाके में चाय की दुकान चलाती थी. पुलिस के मुताबिक, इसी दुकान की आड़ में चरस की खरीद-बिक्री का नेटवर्क भी संचालित किया जा रहा था. पुलिस को इलाके में लंबे समय से नशे के कारोबार की सूचनाएं मिल रही थीं. इसके बाद बजरिया थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की. मंगलवार देर रात पुलिस ने शबनम के घर पर छापा मारा. तलाशी के दौरान खाली गैस सिलेंडर की आड़ में छिपाकर रखी गई काली पॉलीथिन से चरस के चार पैकेट बरामद किए गए. इनका कुल वजन 3.131 किलोग्राम बताया गया है.
डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही बरामद चरस की कीमत
पुलिस के मुताबिक, बरामद चरस की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.50 करोड़ रुपये आंकी गई है. शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि इस कारोबार से होने वाली कमाई का इस्तेमाल शबनम अपने प्रेमी रियाज को जमानत पर जेल से बाहर निकलवाने के लिए करना चाहती थी.
नेपाल से जुड़े नेटवर्क की तलाश में पुलिस
इस कार्रवाई के बाद पुलिस अब पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है. जांच की जा रही है कि नेपाल से चरस की खेप कौन पहुंचाता था, शहर में इसकी सप्लाई किन लोगों के जरिए होती थी और इस कारोबार में कितने लोग शामिल हैं. पुलिस रियाज के साथियों और अन्य संदिग्धों की भूमिका की भी जांच कर रही है.
Also Read: पीलीभीत की सियासत में गांधी परिवार का दबदबा, सिख संस्कृति से अलग पहचान और चार विधानसभा सीटों का दिलचस्प चुनावी गणित