Wednesday, 11 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

12वीं के टॉपर्स का राष्ट्रपति भवन में सम्मान! 12 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू देंगी पुरस्कार, दिल्ली रवाना हुए छात्र

INT News10 November 2026 at 08:39 pm

जमुई (झाझा). प्रखंड क्षेत्र के करहरा पंचायत स्थित प्लस टू एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय आस्था के दो मेधावी छात्रों को 12 नवंबर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सम्मानित करेंगी. राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में दोनों छात्रों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कार दिया जाएगा. दोनों ने वर्ष 2024-26 में अपने-अपने संकाय में 12वीं कक्षा में विद्यालय स्तर पर टॉप किया है. राष्ट्रपति भवन से सम्मान के लिए पत्र मिलने के बाद दोनों छात्र शिक्षक के साथ दिल्ली रवाना हो गए हैं.

विज्ञान संकाय में अजय बास्के रहे विद्यालय टॉपर

विद्यालय के प्राचार्य कमल किशोर साहू ने बताया कि जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र के सुदूर ग्रामीण इलाके जुड़पनियां गांव निवासी लंबू बास्के और बड़की मुर्मू के पुत्र अजय बास्के ने वर्ष 2024-26 में विज्ञान संकाय में विद्यालय में पहला स्थान प्राप्त किया है. उनकी इस उपलब्धि पर विद्यालय परिवार में खुशी का माहौल है.

कला संकाय में सुभाष कुमार टुड्डू ने किया टॉप

वहीं, बांका जिले के चानन प्रखंड क्षेत्र के मूलपुरवा गांव निवासी विनय कुमार टुड्डू और मीना देवी के पुत्र सुभाष कुमार टुड्डू ने कला संकाय में विद्यालय स्तर पर टॉप किया है. प्राचार्य ने बताया कि दोनों छात्रों को सम्मानित किए जाने के संबंध में राष्ट्रपति भवन से पत्र प्राप्त हुआ है. इसके बाद शिक्षक मो. जसीमुद्दीन के साथ दोनों छात्रों को दिल्ली के लिए रवाना किया गया है.

14 नवंबर को झाझा लौटेंगे दोनों छात्र

प्राचार्य कमल किशोर साहू ने बताया कि 12 नवंबर को राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति के हाथों पुरस्कार प्राप्त करने के बाद दोनों छात्र 14 नवंबर को झाझा लौटेंगे. उन्होंने दोनों छात्रों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें जीवन में आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया. उन्होंने कहा कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्रों के छात्र भी कड़ी मेहनत और लगन के बल पर आगे बढ़ रहे हैं. यह प्रदेश और देश के लिए गौरव की बात है. दोनों छात्रों को राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित किए जाने की सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों ने भी उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं.