Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पटाखे की चिंगारी से आठ साल के बच्चे की आंख जख्मी, दिल्ली रेफर

INT News10 November 2026 at 05:30 am

| सोनीपत शहर के कलावती विहार में दिवाली की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब पटाखे की चिंगारी लगने से 8 वर्षीय हरमन की आंख गंभीर रूप से घायल हो गई। बच्चा घर की दहलीज पर बैठकर आतिशबाजी देख रहा था। इसी दौरान अचानक आई पटाखे की चिंगारी उसकी आंख में जा लगी। दर्द से बच्चा चीखने लगा। परिजन उसे तुरंत नागरिक अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार किया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर उसे निजी अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद आंख में सूजन आने पर रोशनी जाने का खतरा बताया। सोमवार सुबह दोबारा जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे दिल्ली के अस्पताल में रेफर कर दिया। दोपहर करीब एक बजे परिजन उसे लेकर दिल्ली रवाना हो गए। डिलीवरी बॉय का काम करने वाले हरमन के पिता हन्नी के पड़ोसी निशांत ने बताया कि बच्चा पहले से बीमार था। तेज बुखार के कारण उसके पैरों ने काम करना बंद कर दिया था और वह चलने-फिरने में असमर्थ था। इसी वजह से वह घर की दहलीज पर बैठकर पटाखे देख रहा था। रविवार रात करीब 8:30 बजे हादसा हुआ। वहीं, दिवाली की रात पटाखों से झुलसने और घायल होने के 23 मामले नागरिक अस्पताल पहुंचे। सभी घायलों को उपचार दिया गया। आपात स्थिति से निपटने के लिए अस्पताल प्रशासन ने चार विशेषज्ञ डॉक्टरों को ऑन-कॉल ड्यूटी पर रखा था, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत उपचार मिल सके। पटाखे आंखों के लिए इसलिए है खतरनाक डॉ. प्रवीण के अनुसार पटाखों में गंधक, पोटेशियम नाइट्रेट, एल्युमिनियम पाउडर, बेरियम और सीसा जैसे रसायन होते हैं। चिंगारी या धुआं आंख में जाने से रासायनिक जलन हो सकती है। पटाखों की गर्मी कॉर्निया को नुकसान पहुंचा सकती है। वहीं, धमाके के साथ निकलने वाले कागज, मिट्टी और धातु के बारीक टुकड़े आंख में घुसकर पुतली को नुकसान पहुंचा सकते हैं। इससे आंखों की रोशनी तक जा सकती है। ^छोटे बच्चों को कभी भी अकेले पटाखे न जलाने दें। उन्हें हमेशा किसी बड़े की देखरेख में रखें। बच्चों को पटाखे जलाते समय कम से कम 15 फीट की सुरक्षित दूरी पर खड़ा करें। घर की बालकनी या तंग गलियों में पटाखे न जलाएं। पटाखों के लिए हमेशा पार्क या खुले मैदान का इस्तेमाल करें। - डॉ. प्रवीण, ओटी इंचार्ज नागरिक अस्पताल सोनीपत।