समाचार · हरियाणा
BJP विधायक के पैतृक गांव में कचरे के ढेर:रेवाड़ी में महीनेभर से कूड़ा उठान बंद; ठेकेदार के 14.68 लाख रुपए अटके
रेवाड़ी जिले के कोसली से भाजपा विधायक अनिल यादव के पैतृक गांव डहीना में पंचायत का आपसी विवाद अब ग्रामीणों की परेशानी बन गया है। पंचों की शिकायत और कचरे के निस्तारण के लिए टिन शेड बनाने की मांग के बीच ठेकेदार का भुगतान अटक गया। 11 महीने से 14.68 लाख रुपए नहीं मिलने और 7 अक्टूबर को टेंडर समाप्त होने के बाद ठेकेदार ने कचरा उठान बंद कर दिया। हाल ये है कि गांव में पिछले एक महीने से डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन नहीं हो रहा। 2022 से ही चर्चाओं में रहा डहीना गांव डहीना गांव वर्ष 2022 में पंचायत गठन के बाद से ही विवादों और चर्चाओं में रहा है। सरपंच के एक वर्ष में छह बार निलंबित होने से लेकर गिनीज बुक के लिए आवेदन किए जाने तक के मामले सुर्खियों में रहे। अब पंचायत के भीतर कचरे के निस्तारण और टिन शेड निर्माण को लेकर बनी असहमति का असर सीधे गांव की सफाई व्यवस्था पर पड़ रहा है। पिछले करीब एक महीने से ग्राम पंचायत आपसी सहमति बनाकर ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कराने का प्रयास कर रही है, लेकिन अब तक सहमति नहीं बन पाई। पिछले सप्ताह भी बैठक बुलाकर प्रस्ताव पारित कराने की कोशिश की गई, मगर प्रयास सफल नहीं हुआ। प्रस्ताव पारित नहीं होने से टिन शेड निर्माण और कचरा उठान के नए टेंडर की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ पा रही। कचरा उठान बंद होने से सार्वजनिक स्थानों और गलियों में गंदगी जमा है। दुर्गंध के कारण आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है। ग्रामीण बोले- कचरा हटवाकर नियमित कलेक्शन हो ग्रामीण अशोक कुमार, सरजीत, मुकेश कुमार, संदीप, हिमांशु और दिनेश ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर सफाई व्यवस्था दुरुस्त होनी चाहिए, लेकिन नियमित उठान नहीं होने से समस्या लगातार बढ़ रही है। उनका कहना है कि पंचायत के विवाद और प्रस्ताव की प्रक्रिया के बीच गांव की सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। जमा कचरे को तुरंत हटवाकर नियमित कलेक्शन शुरू कराया जाए। ठेकेदार का 14 लाख रुपए का है बकाया बिल ठेकेदार रोहित का कहना है कि उसका 7 अक्टूबर 2026 को टेंडर समाप्त हो गया और 11 महीने का 14.68 लाख रुपए भुगतान बकाया है। भुगतान नहीं मिलने और टेंडर खत्म होने के बाद काम बंद हो गया। अब नए टेंडर और टिन शेड निर्माण की प्रक्रिया पंचायत की बैठक में प्रस्ताव पारित होने पर निर्भर है। ठेकेदार के 11 महीने के 14.68 लाख बकाया ठेकेदार रोहित ने बताया कि उनका टेंडर 7 अक्टूबर 2026 को समाप्त हो गया था। उनका 11 महीने का 14.68 लाख रुपए का भुगतान लंबित है। गांव में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन के लिए उन्होंने दो ट्रैक्टर लगा रखे थे। टेंडर समाप्त होने और भुगतान लंबित रहने के कारण कचरा उठान का काम बंद कर दिया है। वह माह से अपनी जेब से पैसे खर्च करके कार्य कर रहे है। बकाया पेमेंट का भुगतान होने के बाद फिर से काम शुरू कर दिया जाएगा। 3 दिन में एक बार पहुंच रहा ट्रैक्टर गांव में कचरा उठान बंद होने के बाद कोसली विधायक अनिल यादव की ओर से अपने स्तर पर एक ट्रैक्टर की व्यवस्था की गई थी। ग्रामीणों का कहना है कि यह ट्रैक्टर तीन दिन में एक बार गांव पहुंचता है। डहीना बड़ा गांव होने के कारण एक ट्रैक्टर से पूरे गांव का डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन नहीं हो पा रहा है। गांव की आबादी करीब 15 हजार के करीब है। वही गांव तहसील व बीडीपीओ कार्यालय होने की वजह से करीब 20 गांवों ग्रामीणों का प्रतिदिन गांव आवागमन बना रहता है। इसके अलावा गांव के दुकानदार के अलावा करीब दो दर्जन गांवों ग्रामीण भी डहीना में आकर छोटा व्यापार करते है। ऐसे में कई स्थानों पर कचरा जमा है। ग्रामीणों ने मांग की है कि पंचायत के विवाद और प्रस्ताव की प्रक्रिया के बीच गांव की सफाई व्यवस्था प्रभावित नहीं होनी चाहिए। जमा कचरे को तुरंत उठवाया जाए और नियमित कलेक्शन शुरू कराया जाए। साथ ही टिन शेड निर्माण और नए टेंडर की प्रक्रिया जल्द पूरी की जाए, ताकि कचरे के स्थायी निस्तारण की व्यवस्था हो सके। टिन शेड की मांग पर अटका मामला सरपंच पिंकी डहीना ने बताया कि गांव में कचरे का उचित निस्तारण नहीं होने को लेकर पंच राकेश, रोजी, सोनिया, सुमन, पूनम, अमर सिंह और गोपाल ने शिकायत की थी। पंचों ने कचरे के उचित निस्तारण के लिए टिन शेड बनवाने की मांग उठाई थी। इसके बाद कचरा उठान के कार्य का भुगतान रोक दिया गया था। पिंकी ने बताया कि उनके निलंबन के बाद कार्यवाहक सरपंच के कार्यकाल में निर्धारित स्थान पर टिन शेड बनवाया जाना प्रस्तावित था, लेकिन किसी कारणवश निर्माण नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि अब टिन शेड निर्माण और कचरा उठान के नए टेंडर की प्रक्रिया शुरू करवाने के लिए ग्राम पंचायत की बैठक में प्रस्ताव पारित किया जाएगा। इसके लिए सभी पंचों की उपस्थिति जरूरी है। सभी पंचों के बैठक में शामिल होने के बाद प्रस्ताव पारित कर संबंधित विभाग को भेजा जाएगा। इसके बाद नियमानुसार आगामी कार्रवाई होगी। बीडीपीओ बोलीं- प्रस्ताव मिलते ही शुरू होगा काम बीडीपीओ कविता ने बताया कि ठेकेदार का भुगतान लंबित होने के कारण उसने काम बंद कर दिया है। ग्राम पंचायत की ओर से प्रस्ताव मिलते ही गांव में दोबारा डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन का काम शुरू करवा दिया जाएगा।