Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

चाचा की अस्थियां बहाने गए इकलौते बेटे का नहीं सुराग:कुरुक्षेत्र नहर में दो बार सर्च, ठंडे पानी और तेज बहाव से गोताखोर परेशान

INT News10 November 2026 at 07:05 am

कुरुक्षेत्र के मिर्जापुर गांव के पास नरवाना ब्रांच नहर में चाचा की अस्थियां प्रवाहित करने के दौरान बहा देवेंद्र कश्यप अब तक नहीं मिला है। गोताखोर और SDRF की टीम लगातार नहर में उसकी तलाश कर रही है। गोताखोर प्रगट सिंह के मुताबिक, नहर के करीब 3 किलोमीटर एरिया में 2 बार सर्च किया जा चुका है, लेकिन देवेंद्र का कोई सुराग नहीं लगा। पानी काफी ठंडा है और बहाव भी तेज है। ऐसे में गोताखोरों को पानी में ज्यादा देर तक रहकर सर्च करने में परेशानी हो रही है। मौसम में भी ठंड बढ़ रही है। नहर के पानी में उतरने के बाद ज्यादा देर तक रहना मुश्किल हो जाता है। बार-बार बाहर निकलकर आग तापनी पड़ रही है। इसके बाद दोबारा पानी में उतरकर तलाश की जा रही है। नहर पानी कम हुआ, बहाव फिर भी तेज नहर में पानी का स्तर करीब 4 से 5 फुट कम है, लेकिन बहाव तेज होने के कारण सर्च अभियान में दिक्कत आ रही है। पानी गोताखोरों को अपने साथ आगे खींच रहा है। नहर के नीचे की तरफ पानी और ठंडा होने के साथ बहाव भी तेज है। उधर, देवेंद्र का परिवार रातभर नहर किनारे और किरमिच के पास पहरा लगाकर बैठा रहा। अस्थियां प्रवाहित करते समय नहर में बहा हादसा कुरुक्षेत्र जिले के कैथल-ढांड रोड पर मिर्जापुर गांव के पास हुआ था। कैथल जिले के ढांड गांव का रहने वाला देवेंद्र कश्यप (24) अपने दो चचेरे भाइयों के साथ चाचा की अस्थियां प्रवाहित करने के लिए नरवाना ब्रांच नहर पर पहुंचा था। अस्थियां प्रवाहित करते समय उसका पैर फिसल गया। देवेंद्र नहर में गिर गया और तेज बहाव के कारण पानी में बहने लगा। देवेंद्र के साथ आए उसके चचेरे भाइयों को पता ही नहीं लग पाया कि उनके भाई के साथ क्या हुआ। वे राख का दूसरा कट्टा लेने चले गए। इस दौरान हादसा हो गया। देवेंद्र डी-फार्मेसी करने के बाद श्री बालाजी अस्पताल में काम कर रहा है। घास काट रहे दंपती ने भी बचाने की कोशिश की नहर में बहते समय देवेंद्र चिल्लाने लगा। उसकी आवाज सुनकर पास में घास काट रहा दंपती मौके पर पहुंचा। दंपती ने देवेंद्र को बचाने के लिए चुन्नी भी फेंकी, लेकिन वह उसके हाथ तक नहीं पहुंच सकी। इसके बाद देवेंद्र तेज बहाव में बह गया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस, SDRF की टीम और गोताखोर प्रगट सिंह मौके पर पहुंचे। नहर में सर्च अभियान शुरू किया गया। टीम ने कई घंटे तक युवक की तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। 4 नवंबर को सड़क हादसे में हुई थी चाचा की मौत परिवार के मुताबिक, देवेंद्र के चाचा की 4 नवंबर को सड़क हादसे में मौत हो गई थी। इसके बाद परिवार के सदस्य उनकी अस्थियां प्रवाहित करने के लिए नहर पर पहुंचे थे। इसी दौरान देवेंद्र हादसे का शिकार हो गया। परिवार अभी चाचा की मौत के दुख से उबर भी नहीं पाया था कि देवेंद्र के नहर में बहने की घटना हो गई। परिवार का इकलौता बेटा देवेंद्र अपने परिवार का इकलौता बेटा है। उसके नहर में बहने के बाद से परिवार के लोग उसकी तलाश को लेकर परेशान हैं। हादसे के बाद से पुलिस और बचाव टीम नहर में सर्च अभियान चला रही हैं। गोताखोरों के सामने ठंडा पानी और तेज बहाव बड़ी चुनौती बना हुआ है। करीब 3 किलोमीटर एरिया में दो बार तलाश करने के बाद भी देवेंद्र का कोई सुराग नहीं मिला है।