Thursday, 5 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

Kal Ka Mausam: 3 राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी, गरज-चमक के साथ 50 KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

INT News5 November 2026 at 05:49 pm

Kal Ka Mausam 6 November 2026: देश के कई राज्यों में कल यानी 6 नवंबर को भी मौसम के तेवर तल्ख रह सकते हैं. दक्षिण भारत के कई इलाकों में तेज बारिश का दौर जारी रह सकता है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार (6 नवंबर) को तमिलनाडु, तटीय आंध्र प्रदेश और केरल के कुछ इलाकों में भारी बारिश की संभावना जताई है. इस दौरान आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं, जिनकी रफ्तार 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है. वहीं, ओडिशा में भी आंधी और बिजली चमकने की आशंका है.

तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और केरल में भारी बारिश की चेतावनी

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, दक्षिण भारत के तीन राज्यों में शुक्रवार को अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. तमिलनाडु और तटीय आंध्र प्रदेश में 5 से 11 नवंबर तक भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि केरल में 8 नवंबर तक कुछ इलाकों में तेज बारिश का अनुमान है. वहीं पुडुचेरी, कराईकल और यनम में भी बारिश का दौर जारी रह सकती है. तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 7 और 8 नवंबर को बारिश का दायरा बढ़ने की संभावना है.

इन इलाकों में 50 किलोमीटर की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

शुक्रवार को तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अनुमान है. सामान्य तौर पर हवाओं की गति 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है, जबकि कुछ झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं. इन क्षेत्रों में 9 नवंबर तक आंधी और बिजली चमकने की संभावना बनी हुई है. तटीय आंध्र प्रदेश और रायलसीमा में सतही हवाएं भी तेज रह सकती हैं.

ओडिशा में आंधी-बिजली का खतरा, झारखंड में कब होगी बारिश?

पूर्वी भारत में भी मौसम की गतिविधियां देखने को मिलेंगी. मौसम विभाग के अनुसार, ओडिशा में 6 और 7 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. शुक्रवार को राज्य में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चलने की संभावना है. कुछ स्थानों पर इनके झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं.

झारखंड और गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल में 9 से 11 नवंबर के दौरान छिटपुट बारिश का अनुमान है. इसलिए इन दोनों क्षेत्रों में शुक्रवार की बजाय अगले सप्ताह मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है.

पूर्वोत्तर भारत में 9 नवंबर से बढ़ सकती है बारिश

पूर्वोत्तर राज्यों में अगले कुछ दिनों तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं. नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 से 11 नवंबर के बीच वर्षा का अनुमान है. वहीं, असम और मेघालय में 8 नवंबर से बारिश शुरू होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग ने अरुणाचल प्रदेश में 9 और 10 नवंबर तथा असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 से 11 नवंबर के बीच कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी दी है.

अंडमान-निकोबार में तेज बारिश का अनुमान

अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 5 से 7 नवंबर तक कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है. इसके बाद 8 से 11 नवंबर के दौरान वर्षा का दायरा बढ़ने की संभावना है. विशेष रूप से 9 से 11 नवंबर के बीच द्वीप समूह के कुछ इलाकों में भारी बारिश का पूर्वानुमान है. ऐसे में आने वाले दिनों में यहां मौसम की गतिविधियां तेज हो सकती हैं.

उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम? उत्तर-पश्चिम भारत में फिलहाल जो बारिश का अनुमान नहीं है. जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के कुछ स्थानों पर 10 नवंबर को वर्षा हो सकती है. इसी दिन क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की भी संभावना जताई गई है. हिमाचल प्रदेश में 10 और 11 नवंबर, जबकि उत्तराखंड में 8 और 9 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश का पूर्वानुमान है.

Also Read: कमजोर पड़ा मुरासु तूफान, आंध्र प्रदेश में थमी बारिश, इन 3 जिलों में फिर बरसेंगे बादल