समाचार · मध्य प्रदेश
दीपावली तक बाजारों में घुड़सवार पुलिस करेगी गश्त:उज्जैन में भीड़ और ट्रैफिक संभालने के लिए बनी विशेष योजना
दीपावली पर बाजारों में बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक को संभालने के लिए उज्जैन पुलिस ने विशेष सुरक्षा योजना बनाई है। इसके तहत आज से दीपावली तक प्रमुख बाजारों में गुरुवार की सुबह और शाम महिला पुलिसकर्मियों के साथ पुलिस वाहन गश्त करेंगे। अश्वारोही दल भी बाजारों में घूमकर भीड़ और ट्रैफिक संभालने में मदद करेगा। इसके अलावा बीडीडीएस टीम संदिग्ध वस्तुओं की जांच करेगी। उज्जैन एसपी प्रदीप शर्मा ने गुरुवार दोपहर 2 से 3 बजे तक पुलिस बल, अश्वारोही दल और बीडीडीएस टीम के साथ बाजारों का पैदल जायजा लिया। इस दौरान छत्री चौक, कोट मोहल्ला और नगर निगम के पीछे लगे पटाखा बाजार का निरीक्षण किया गया। पुलिस सुबह 9 से दोपहर 2 बजे और शाम 6 से रात 12 बजे तक बाजारों में गश्त करेगी। निरीक्षण के दौरान कुछ पटाखा दुकानों पर फायर एक्सटिंग्विशर नहीं मिले। इस पर पुलिस ने उन दुकानों को बंद करवा दिया। जिन दुकानदारों के पास लाइसेंस नहीं था, उन्हें लाइसेंस या उसका प्रिंटआउट दुकान पर लगाने के निर्देश दिए गए। एसपी ने दुकानदारों से तय जगह पर ही पटाखे बेचने और सुरक्षा नियमों का पालन करने को कहा। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बाजार में एक महिला दुकानदार से खील-बताशे खरीदे और पुलिस टीम के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं।