समाचार · हरियाणा
महेंद्रगढ़ नहर पंप हाउस में मिला व्यक्ति का शव:72 घंटे के लिए मोर्चरी में रखवाया, पुलिस पहचान कराने में जुटी
हरियाणा के महेंद्रगढ़ में एक नहर के पंप हाउस से अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त के लिए महेंद्रगढ़ के नागरिक अस्पताल की मोर्चरी में 72 घंटे के लिए रखवाया है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। महेंद्रगढ़ सदर थाना की सहायक उप निरीक्षक (ASI) कुसुम लता ने बताया कि उन्हें सुरजनवास नहर के पंप हाउस NB 2 में एक अज्ञात शव पड़े होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही वह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं और शव को बाहर निकलवाया। सड़ी-गली अवस्था में मिली लाश शव गला-सड़ा हुआ था और उसकी उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष बताई जा रही है। मौके पर आसपास पूछताछ करने के बावजूद शव की पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्ट्स की जांच करने के लिए कहा है। यदि किसी को भी इस अज्ञात व्यक्ति की शिनाख्त के संबंध में कोई जानकारी मिलती है, तो वे थाना सदर महेंद्रगढ़ के मोबाइल नंबर 7056606016 या 8168066108 पर संपर्क कर सकते हैं।