समाचार · मध्य प्रदेश
हरदा में 43 साल से मां काली की पूजा जारी:बंगाली कॉलोनी में 12 फीट की प्रतिमा स्थापित, 13 नवंबर को सिंदूर खेला के बाद होगा विसर्जन
हरदा की बंगाली कॉलोनी में दीपावली की आधी रात मां काली की पूजा की गई। बंगाली समाज पिछले 43 साल से कार्तिक अमावस्या पर यह आयोजन करता आ रहा है। इस बार मां काली की 12 फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित की गई है। पूजा के दौरान भक्तों ने मां को भोग चढ़ाया और धूपदानी आरती की। बाद में भोग श्रद्धालुओं में वितरित किया गया। पांच दिन तक चलने वाले इस आयोजन में समाज के लोग धार्मिक परंपराओं के अनुसार पूजा-अर्चना करेंगे। समाज के कलाकारों ने बनाई 12 फीट ऊंची प्रतिमा बंगाली समाज के युवा समाजसेवी किशोर बंगाली ने बताया कि इस बार मां काली की 12 फीट ऊंची प्रतिमा समाज के कलाकारों ने ही तैयार की है। समाज में मां काली को बड़ी मां और शक्ति के रूप में पूजा जाता है। पांच दिन तक चलने वाले आयोजन में प्रतिदिन धूपदानी आरती की जाती है। मान्यता है कि कार्तिक अमावस्या की आधी रात विधि-विधान से मां काली की पूजा करने से जीवन के संकट, दुख और पीड़ा दूर होते हैं। समाज के लोगों का विश्वास है कि मां की आराधना से शत्रुओं का नाश होता है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है। पहले पशु बलि, अब प्रतीकात्मक बलि की परंपरा बंगाली समाज में मां काली की पूजा के दौरान बलि देने की परंपरा भी रही है। पहले पशु बलि दी जाती थी, लेकिन अब कई जगह प्रतीकात्मक बलि दी जाती है। इसमें नींबू और कुम्हड़ा जैसे फल काटकर मां को अर्पित किए जाते हैं। पांचवें दिन होगा सिंदूर खेला बंगाली परिवार दीपावली पर मां काली की पूजा करते हैं, जबकि मां लक्ष्मी की पूजा शरद पूर्णिमा पर करते हैं। इस बार तीन दिन मां की विशेष पूजा होगी। पांचवें दिन यानी 13 नवंबर को सिंदूर खेला का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद मां काली की प्रतिमा का विसर्जन किया जाएगा।