Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सितार बजता रहा, तंबुओं से गायब हो गए 40 मुसाफिर:बगीचे से निकले नर कंकाल; कंपनी सरकार ने कैप्टन स्लीमन को दिया जांच का जिम्मा

INT News10 November 2026 at 06:58 am

मध्य प्रदेश क्राइम फाइल्स में आज बात उस खौफनाक दौर की, जब सिवनी, जबलपुर, सागर और नरसिंहपुर के कई इलाकों में मुसाफिरों के अचानक गायब होने की खबरें सामने आ रही थीं। व्यापार के लिए निकले लोग हों, तीर्थयात्री या परिवार के साथ सफर करने वाले आम लोग... कई बार पूरा समूह रास्ते से लापता हो जाता था। कहीं पूरा परिवार लापता हो गया, तो कहीं 30-40 यात्रियों का जत्था अपनी मंजिल तक नहीं पहुंचा। न कोई संदेश आया, न कोई लौटकर रास्ते की खबर दे सका। शुरुआत में इन घटनाओं को लूटपाट या जंगल में होने वाले हमलों से जोड़कर देखा गया। लेकिन जब अलग-अलग इलाकों की घटनाओं को जोड़कर पड़ताल हुई, तो मामला सामान्य नहीं लगा। कुछ घटनाओं में तो मुसाफिरों के आसपास सैनिकों की टुकड़ी मौजूद थी, फिर भी किसी को उनके गायब होने की भनक तक नहीं लगी। आखिर ये लोग कहां जा रहे थे? रास्ते में उनके साथ क्या हो रहा था? क्राइम फाइल्स में आज यही कहानी… सन् 1800 के आसपास, सिवनी का लक्ष्मणदोन इलाका। देश में ईस्ट इंडिया कंपनी की हुकूमत थी। सूरज ढल रहा था। कच्चे रास्ते पर बैलगाड़ियों का एक काफिला धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। बैलों के गले की घंटियां जंगल के सन्नाटे को चीर रही थीं। कुछ लोग घोड़ों पर थे, तो कुछ पैदल चल रहे थे। काफिले में महिलाएं, बच्चे और व्यापार के सिलसिले में निकले मुसाफिर भी शामिल थे। इसी काफिले में एक मुंशी अपने परिवार के साथ नागपुर से जबलपुर जा रहा था। उसके साथ पत्नी, बच्चे और कुछ नौकर थे। रास्ते में कुछ दूसरे मुसाफिर मिले, जो उसी दिशा में जा रहे थे। बातचीत हुई और दोनों समूह साथ चलने लगे। सुबह उठे तो मंजर देख हैरान रह गए

मुंशी का परिवार एक तरफ ठहरा, जबकि कुछ दूरी पर सैनिकों के अधिकारियों के तंबू लगे थे। रात को तंबुओं के आसपास महफिल जम गई। सितार बजने लगा और गाने की आवाज देर तक गूंजती रही। लंबे सफर में मुसाफिरों का इस तरह रात बिताना सामान्य बात थी। सैनिक भी आसपास मौजूद थे और अपने इंतजामों में लगे थे। लेकिन अगली सुबह जब लोग उठे, तो नजारा बदल चुका था। जिन तंबुओं में रात को मुसाफिर ठहरे थे, वे खाली थे। मुंशी का परिवार, उसके नौकर और दूसरे यात्री गायब थे। न सामान बिखरा था, न संघर्ष के निशान थे। किसी ने उन्हें जाते हुए भी नहीं देखा था। हैरानी की बात यह थी कि सैनिकों की टुकड़ी पास ही मौजूद थी। रातभर सितार और गाने की आवाज सुनाई देती रही, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं हुआ कि पूरा समूह कब और कहां चला गया। अनजान मुसाफिरों पर भरोसा करना पड़ता था उस दौर में एक शहर से दूसरे शहर तक पहुंचना आज की तरह आसान नहीं था। रेलगाड़ियां नहीं थीं। लंबी दूरी का सफर पैदल, घोड़े, बैलगाड़ी या पालकी से होता था। जबलपुर से नागपुर, सागर से नरसिंहपुर और नर्मदा घाटी से छत्तीसगढ़ की ओर जाने वाले रास्ते जंगलों, पहाड़ियों और सुनसान मैदानों से गुजरते थे। दिन ढलने से पहले पड़ाव तलाशना जरूरी था। ऐसे में अनजान मुसाफिरों का एक-दूसरे के साथ हो जाना आम बात थी। अकेला व्यापारी किसी बड़े समूह में शामिल हो जाता और परिवार दूसरे काफिले के साथ चलने लगता। साथ रहने से सुरक्षा का भरोसा मिलता था। 40 यात्रियों का जत्था भी रास्ते से गायब 1806 का साल, आज का बालाघाट जिला। उत्तर भारत की तरफ से करीब 600 लोगों का एक बड़ा समूह विंध्याचल पहुंचा। वहां देवी के मंदिर में पूजा करने के बाद यह समूह बिलासपुर के रतनपुर में इकट्ठा हुआ। इसके बाद इसी समूह के करीब 60 लोग बालाघाट के लांजी की ओर गए। इसी रास्ते से गंगा की तरफ जाने वाला 40 यात्रियों का एक जत्था भी गुजर रहा था। इसमें 31 पुरुष, सात महिलाएं और दो लड़कियां थीं। रास्ता लंबा और सुनसान था, इसलिए लांजी पहुंचे 60 लोगों का समूह भी उनके साथ हो गया। धीरे-धीरे दोनों समूहों के बीच मेलजोल बढ़ा और सभी साथ सफर करने लगे। कई दिनों तक रास्ते में रुकना, खाना और आगे की यात्रा की योजना बनाना सामान्य तरीके से चलता रहा। लेकिन गंगा की ओर जा रहा 40 यात्रियों का जत्था अपनी मंजिल तक नहीं पहुंचा। इतने बड़े समूह के गायब होने की खबर ने सवाल खड़े कर दिए। अगर रास्ते में हमला हुआ था, तो उसके निशान कहां थे? लूटपाट हुई थी, तो सामान का पता क्यों नहीं चला? संदिग्धों काे जिस परिवार ने बचाया वो पूरा परिवार गायब निजाम की सेना में जमादार रहे न्यूअल सिंह अपने परिवार के साथ नागपुर से जबलपुर जा रहे थे। उनके साथ भाई, करीब सात साल का बेटा, 11 और 13 साल की दो बेटियां, बेटियों के होने वाले पति और चार नौकर भी थे। रास्ते में उनकी मुलाकात कुछ मुसाफिरों से हुई। बातचीत बढ़ी और दोनों समूह साथ सफर करने लगे। कुछ दिन बाद धुर्ना में जिस मकान में ये लोग ठहरे थे, वहां अचानक आग लग गई। पुलिस मौके पर पहुंची तो कुछ संदिग्ध लोग उसके हाथ लगे। उनकी गतिविधियां पुलिस को ठीक नहीं लग रही थीं। तभी न्यूअल सिंह और उनकी बेटियां सामने आ गईं। उन्हें साथ चल रहे लोगों पर भरोसा हो चुका था। बेटियों की भी उनसे अच्छी जान-पहचान थी। उन्होंने पुलिस से उन लोगों को छोड़ने की सिफारिश कर दी। पुलिस से छूटने के बाद समूह जबलपुर की ओर बढ़ा। पांच दिन बाद वे बिसेनी पहुंचे। इसके बाद न्यूअल सिंह, उनका भाई, बेटा, दोनों बेटियां, होने वाले दामाद और नौकरों का कोई पता नहीं चला। जबलपुर में मिला सुराग, कई इलाकों तक पहुंची जांच इसी दौरान जबलपुर में रेशम के व्यापारियों और उनके कीमती सामान से जुड़ी घटनाओं की पड़ताल चल रही थी। पुलिस को ऐसे लोगों की तलाश थी, जो व्यापारियों के साथ सफर करते और फिर रास्ते में गायब हो जाते थे। कुछ सामान की बरामदगी और संदिग्ध लोगों की गतिविधियों से जांच को नई दिशा मिली। पुलिस को पता चला कि कुछ लोग यात्रियों के साथ सफर करने के बाद अचानक गायब हो जाते हैं। उनके साथ चलने वाले दूसरे मुसाफिर भी फिर दिखाई नहीं देते। अब तक अलग-अलग जगहों की घटनाओं को अलग-अलग मामला माना जा रहा था, लेकिन रास्तों, समय और गायब हुए लोगों की संख्या को जोड़ने पर बड़े नेटवर्क की आशंका सामने आने लगी। इंदौर से लेकर सिवनी, जबलपुर, नरसिंहपुर और सागर तक इसकी कड़ियां जुड़ती दिखाई देने लगीं। अंग्रेज अधिकारियों के सामने सबसे बड़ी चुनौती यह थी कि उन लोगों का पता कैसे लगाया जाए। कैप्टन विलियम स्लीमन को सौंपी गई जिम्मेदारी मामले की गंभीरता को देखते हुए 1809 में ईस्ट इंडिया कंपनी ने इंग्लैंड से आए कैप्टन विलियम स्लीमन को इन घटनाओं की जांच की जिम्मेदारी सौंपी। स्लीमन को जानकारी मिली कि करीब 200 लोगों का एक ऐसा गिरोह सक्रिय है, जो मुसाफिरों को निशाना बनाकर उनकी हत्या और लूटपाट करता है। जबलपुर को जांच का मुख्यालय बनाया गया। स्लीमन ने पुराने मामलों को जोड़ना शुरू किया। स्थानीय लोगों से पूछताछ हुई, संदिग्धों की गतिविधियों पर नजर रखी गई और रास्तों तथा पड़ावों की जानकारी जुटाई गई। इसी दौरान कुछ ऐसे बयान सामने आए, जिन्होंने इस रहस्य की दिशा बदल दी। एक बगीचे में बड़ी संख्या में मुसाफिरों के शव दबे होने की जानकारी मिली। स्लीमन के सामने ये सवाल थे-

ये लोग कौन थे जो यात्रियों को निशाना बना रहे थे ?

वे यात्रियों को कैसे चुनते थे?

उनके साथ सफर करने के बाद अचानक कहां गायब हो जाते थे?

और वे अकेले काम करते थे या उनके पीछे एक संगठित नेटवर्क था? मध्य प्रदेश क्राइम फाइल्स के पार्ट 2 में कल पढ़िए इन सवालों के जवाब… ये भी पढ़ें… 100 किमी दूर सड़क किनारे बोरी में फेंकी लाश, क्राइम फाइल्स पार्ट-1 मध्य प्रदेश क्राइम फाइल्स में इस बार कहानी शिवपुरी के एक ऐसे हत्याकांड की, जिसकी गुत्थी सुलझाने में पुलिस को करीब एक साल लग गए। सड़क किनारे मिली लाश के पास फ्रिज के कार्टन और उस पर लिखा एक मोबाइल नंबर पुलिस के हाथ लगा। पढ़ें पूरी खबर… बेड के नीचे पत्नी ने रखी पति की लाश, ऊपर बॉयफ्रेंड संग रात बिताई, क्राइम फाइल्स पार्ट-2 क्राइम फाइल्स के पार्ट-1 में आपने पढ़ा कि 18 जून 2018 को शिवपुरी के दिनारा इलाके में सड़क किनारे पीली बोरी में बंद एक युवक की सड़ी-गली लाश मिली थी। पढ़ें पूरी खबर…