समाचार · हरियाणा
एएसडीडी श्रेणी के मतदाताओं को नाम जुड़वाने का मौका:सोनीपत में 11 नवंबर को राजनीतिक दलों के साथ बैठक, 30 को अंतिम प्रकाशन
हरियाणा के मुख्य निर्वाचन अधिकारी ए. श्रीनिवास ने मंगलवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश के सभी उपायुक्तों के साथ विशेष गहन पनरीक्षण (एसआईआर) कार्य से संबंधित बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में अनुपस्थित, स्थानांतरित, मृत एवं दोहरी प्रविष्टि (एएसडीडी) श्रेणी में चिन्हित मतदाताओं को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए अवसर प्रदान करने पर विस्तार से चर्चा की गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से मीटिंग करने के निर्देश बैठक के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ जल्द से जल्द बैठक आयोजित करने, बीएलओ सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण देने तथा गणना प्रपत्रों की प्रिंटिंग सहित अन्य निर्वाचन संबंधी कार्यों को निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। वीडियो कॉन्फ्रेंस के उपरांत उपायुक्त नेहा सिंह ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे भारत निर्वाचन आयोग की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों की गंभीरता से पालना सुनिश्चित करें। बीएलओ और सुपरवाइजरों को ट्रेनिंग देने के निर्देश उन्होंने बताया कि 11 नवंबर को राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इसके अलावा सभी निर्वाचक पंजीयन अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिए गए हैं कि वे बीएलओ और सुपरवाइजरों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करें। उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर संबंधित मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित करेंगे, ताकि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची में नाम शामिल करवाने के अवसर से वंचित न रहे। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा। इस अवसर पर ईआरओ/एसडीएम सुभाष चंद्र, सीटीएम सिमरन, निर्वाचन तहसीलदार दिनेश शर्मा तथा संबंधित कानूनगो मौजूद रहे।