Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

बठिंडा फ्लिपकार्ट गोदाम से कर्मचारियों ने चुराएं थे 980 मोबाइल:3 कर्मचारी नामजद,2 गिरफ्तार,4.58 करोड़ थी कीमत, 24 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा

INT News25 October 2026 at 11:45 am

बठिंडा की भुच्चो मंडी कैंचियां के पास स्थित फ्लिपकार्ट के गोदाम से 980 सैमसंग मोबाइल फोन चोरी होने के मामले में पुलिस ने 24 घंटे से भी कम समय में वारदात का खुलासा करने का दावा किया है। चोरी हुए मोबाइल की बाजार कीमत करीब 4.58 करोड़ रुपए बताई जा रही है। पुलिस ने मामले में गोदाम के तीन कर्मचारियों को नामजद किया है, जिनमें से दो को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात में अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी तलाश की जा रही है।

तीन कर्मचारी नामजद, दो गिरफ्तार

पुलिस चौकी इंचार्ज गुरप्रीत सिंह के मुताबिक मामले में गोदाम के तीन कर्मचारियों को नामजद किया गया है। इनमें लवप्रीत सिंह निवासी अक्कांवाली, जिला मानसा; बलजिंदर सिंह निवासी हड़ौली, हरियाणा; और सुरिंदर सिंह बब्बू निवासी आजाद नगर, तपा मंडी शामिल हैं। पुलिस ने लवप्रीत सिंह और सुरिंदर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं, बलजिंदर सिंह की भूमिका को लेकर आगे की जांच की जा रही है।

तीन अन्य संदिग्धों के नाम भी आए सामने

पुलिस की शुरुआती पूछताछ में गौतम निवासी टोहाना, सुखप्रीत सिंह सोनी निवासी मानसा और एक अन्य अज्ञात व्यक्ति के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस इन लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।चौकी इंचार्ज गुरप्रीत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा। इसके बाद पूछताछ के जरिए चोरी में शामिल अन्य लोगों का पता लगाने और चोरी हुए मोबाइल फोन बरामद करने का प्रयास किया जाएगा।

रात में कर्मचारी गए, सुबह खुला मिला शटर

23 अक्टूबर की रात गोदाम से मोबाइल फोन चोरी किए गए थे। गोदाम मैनेजर प्रकाश के मुताबिक, रात करीब ढाई बजे कर्मचारी माल की डिलीवरी लेकर बाहर गए थे। सुबह करीब पांच बजे लौटने पर गोदाम के शटर का ताला गायब मिला और शटर ऊपर उठा हुआ था। अंदर जांच करने पर बड़ी संख्या में मोबाइल फोन गायब मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। गोदाम के अधिकारी हरिजंदर कुमार निवासी अमृतसर ने चोरी की शिकायत दर्ज करवाई। शुरुआती जानकारी के अनुसार, चोर सैमसंग कंपनी के 980 मोबाइल फोन ले गए। इनकी कीमत करीब 4 करोड़ 58 लाख रुपए बताई गई है।

चोरी के बाद DVR भी ले गए आरोपी

पुलिस के अनुसार, आरोपी मोबाइल फोन के साथ गोदाम में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने वाली डीवीआर भी ले गए। पुलिस ने जांच के दौरान कर्मचारियों पर शक के आधार पर पूछताछ शुरू की।घटना की जानकारी मिलने पर भुच्चो चौकी के इंचार्ज गुरप्रीत सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। इसके बाद डीएसपी साइबर सरबजीत सिंह और डीएसपी संदीप सिंह ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। मोबाइल फोरेंसिक लैब यूनिट की टीम ने मौके से संभावित साक्ष्य जुटाए थे