समाचार · राजस्थान
फोटोमेनिया 3.0 में विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी का जलवा, जानें किसने मारी बाजी

Photomania 3.0: विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग ने राष्ट्रीय फोटोग्राफी प्रतियोगिता और कार्यशाला ‘फोटोमेनिया 3.0’ का आयोजन किया. इसमें देशभर के विश्वविद्यालयों और मीडिया शिक्षण संस्थानों से 304 एंट्रीज मिलीं. यूनिवर्सिटी ऑफ कश्मीर पहले, विवेकानंद ग्लोबल यूनिवर्सिटी दूसरे और जयपुर का बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेस तीसरे स्थान पर रहा. विजेताओं को ट्रॉफी, नकद पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.
फोटोग्राफी इतिहास और संस्कृति को सहेजने का माध्यम
विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट एवं कुलपति प्रो. (डॉ.) डीवीएस भगवानुलु ने कहा कि फोटोग्राफी सिर्फ तस्वीर खींचना नहीं, बल्कि इतिहास, संस्कृति और लोगों की भावनाओं को सहेजने का माध्यम है. उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के बढ़ते इस्तेमाल के बावजूद फोटोग्राफर की अपनी सोच और संवेदनशीलता जरूरी है.
ये भी पढ़ें: BTech कंप्यूटर साइंस डाउन, इस ब्रांच के हेमंत को मिला 6.5 लाख का पैकेज
फोटो प्रदर्शनी में दिखी समाज और संस्कृति की झलक
प्रतियोगिता में भारतीय समाज, लोक संस्कृति, वन्यजीव, पर्यावरण और स्ट्रीट लाइफ से जुड़ी तस्वीरें शामिल रहीं. विश्वविद्यालय के मिनी ऑडिटोरियम में लगी प्रदर्शनी में तस्वीरों की फ्रेमिंग, रोशनी और प्रस्तुति ने दर्शकों का ध्यान खींचा. विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक नृत्य भी प्रस्तुत किया.
कार्यशाला में प्रतीश माथुर ने बताए फोटोग्राफी के तरीके
कार्यशाला में क्रिएटिव हेड प्रतीश माथुर ने विद्यार्थियों को फोटो जर्नलिज्म, फ्रेमिंग, विजुअल स्टोरीटेलिंग और डिजिटल फोटोग्राफी के बारे में बताया. उन्होंने समझाया कि एक अच्छी तस्वीर बिना शब्दों के भी अपनी बात लोगों तक पहुंचा सकती है. इसके लिए विषय की समझ और तस्वीर लेने का सही तरीका जरूरी है.
विद्यार्थियों को दूसरी गतिविधियों में भाग लेने की सलाह
छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) प्रमोद फौजदार ने कहा कि पढ़ाई के साथ दूसरी गतिविधियों में हिस्सा लेने से विद्यार्थियों का कौशल और आत्मविश्वास बढ़ता है. उन्होंने युवाओं से अपनी कला के जरिए समाज में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की. वहीं, विभागाध्यक्ष दीपक प्रसाद ने बताया कि फोटोमेनिया का तीसरा संस्करण युवा फोटोग्राफरों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच दे रहा है.
डॉ. हर्ष तोमर ने सभी का आभार जताया
कार्यक्रम में विभाग के प्रो-एचओडी डॉ. हर्ष तोमर सहित विश्वविद्यालय के अन्य सदस्य मौजूद रहे. डॉ. हर्ष तोमर ने अतिथि प्रतीश माथुर, कुलपति प्रो. (डॉ.) डीवीएस भगवानुलु, छात्र कल्याण अधिष्ठाता प्रो. (डॉ.) प्रमोद फौजदार, विभागाध्यक्ष दीपक प्रसाद, प्रतिभागियों, संकाय सदस्यों और आयोजन समिति के विद्यार्थियों का आभार जताया. उन्होंने कहा कि इस आयोजन की सफलता भविष्य में बड़े कार्यक्रमों के लिए प्रेरणा देगी.
ये भी पढ़ें: IIT BHU में खुलेगा Physical AI का स्कूल, जानें इस कोर्स में क्या होगा खास