Saturday, 26 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · छत्तीसगढ़

दुर्ग में हेरोइन तस्करी के 3 फरार आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने 70 ग्राम हेरोइन समेत 29.22 लाख का माल जब्त,शराब के 5 आरोपी भी पकड़े

INT News26 September 2026 at 01:47 pm

दुर्ग पुलिस ने हेरोइन तस्करी के मामले में फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। खुर्सीपार थाना क्षेत्र में दर्ज NDPS एक्ट के इस मामले में पुलिस ने 25 सितंबर को कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सैमसंग प्रसाद उर्फ सल्लू (32), गुरमीत सिंह उर्फ लक्की (21) और आशीष कुमार शाह (26) के रूप में हुई है। वहीं, ऑपरेशन विश्वास के तहत पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ भी कार्रवाई करते हुए जिले में चार अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 118 पौवा अवैध शराब, नकदी और शराब परिवहन में इस्तेमाल एक्टिवा जब्त की गई है। जीरो स्ट्रीट के मकान में बिक रही थी हेरोइन, 70.460 ग्राम बरामद पुलिस के मुताबिक, 19 सितंबर को सूचना मिली थी कि खुर्सीपार के जोन-3 स्थित जीरो स्ट्रीट के एक मकान में अवैध रूप से हेरोइन की बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई की। तलाशी के दौरान 70.460 ग्राम हेरोइन, नगदी, सोने-चांदी के गहने, मोबाइल फोन और इलेक्ट्रॉनिक तराजू बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 29 लाख 22 हजार 300 रुपए है। NDPS एक्ट की धाराओं में दर्ज है केस इस मामले में खुर्सीपार थाने में अपराध क्रमांक 431/2026 दर्ज है। आरोपियों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8, 21(ख) और 27(क) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। ऑपरेशन विश्वास के तहत 4 जगह दबिश इधर, दुर्ग पुलिस ने अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन विश्वास के तहत 24 सितंबर को कार्रवाई की। पुलिस के मुताबिक, सुपेला, पुरानी भिलाई-2 और दुर्ग थाना क्षेत्र में मुखबिर से मिली सूचनाओं के आधार पर टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर घेराबंदी और दबिश दी। इस दौरान कुल 118 पौवा अवैध शराब बरामद की गई। पुलिस ने शराब की बिक्री से मिली 500 रुपए की रकम और परिवहन में इस्तेमाल एक एक्टिवा भी जब्त की। 118 पौवा शराब समेत 62,300 रुपए का माल जब्त पुलिस के अनुसार, जब्त शराब की कीमत करीब 11,800 रुपए है। एक्टिवा की कीमत करीब 50 हजार रुपए बताई गई है। नकदी समेत कुल जब्त सामग्री की कीमत करीब 62,300 रुपए है। शराब मामले में ये 5 आरोपी गिरफ्तार पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में चन्दन चौहान (21), रजत यादव (19), अनिता राजपूत (40), कुंती साहू (47), रवि टंडन (20) सभी आरोपी दुर्ग-भिलाई के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार इन आरोपियों पर अवैध रूप से शराब रखने और ग्राहकों को बेचने का आरोप है। कार्रवाई के बाद सभी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया।