समाचार · मध्य प्रदेश
खंडवा में 1500 बोरी DAP खाद से भरे 3ट्रक जब्त:50.25 लाख रुपए का माल पकड़ा, महाराष्ट्र के पते पर ले जा रहे थे, 5 आरोपी नामजद
खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र में पुलिस और कृषि विभाग की संयुक्त टीम ने DAP खाद से भरे तीन ट्रक जब्त किए हैं। इन ट्रकों में कुल 1500 बोरी खाद मिली है। खाद और ट्रकों की कुल कीमत 50.25 लाख रुपए बताई गई है। जांच में सामने आया कि खाद महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से धारणी स्थित दादाजी कृषि सेवा केंद्र के पते पर भेजी जा रही थी, लेकिन वह खंडवा जिले के रिछड़ीखेड़ा गांव में मिली। कृषि विभाग की शिकायत पर पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया है। तीन ट्रकों में मिलीं 1500 बोरियां पुलिस के अनुसार, रविवार को वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं उर्वरक निरीक्षक गोरेलाल वास्कले और पुलिस की संयुक्त टीम ने खालवा थाना क्षेत्र के ग्राम रिछड़ीखेड़ा में महाराष्ट्र नंबर के तीन ट्रकों की जांच की। तीनों ट्रकों में DAP खाद की बोरियां भरी मिलीं। हर ट्रक में 500 बोरी खाद थी। इनमें हिन्दुस्तान उर्वरक रसायन लिमिटेड की 1000 बोरी और कोरोमंडल उर्वरक की 500 बोरी खाद शामिल है। टीम ने खाद के परिवहन से जुड़े दस्तावेजों की भी जांच की। परमिट में धारणी का पता, खाद रिछड़ीखेड़ा में मिली जांच के दौरान ट्रांसपोर्ट परमिट (TP) में दर्ज जानकारी से पता चला कि खाद महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले से धारणी स्थित दादाजी कृषि सेवा केंद्र के पते पर भेजी जा रही थी। हालांकि, खाद निर्धारित पते पर पहुंचने के बजाय खंडवा जिले के खालवा थाना क्षेत्र के रिछड़ीखेड़ा गांव में मिली। निर्धारित पते से अलग जगह पर खाद मिलने के बाद कृषि विभाग ने कार्रवाई की और पुलिस को रिपोर्ट दी। अब पुलिस खाद के परिवहन और उससे जुड़े दस्तावेजों की जांच कर रही है। महाराष्ट्र के तीन लोगों समेत 5 आरोपी नामजद उर्वरक निरीक्षक गोरेलाल वास्कले की रिपोर्ट पर खालवा थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले के तीन निवासी, एक लॉजिस्टिक फर्म और एक अन्य व्यक्ति शामिल हैं। नामजद आरोपियों में इरफान शेख (35), निवासी पाण्डरी प्लॉट, पारपेठ, मलकापुर; शेख सिराज (31), निवासी कुरैशी नगर, पारपेठ, मलकापुर; शेख सत्तार (36), निवासी पाण्डरी प्लॉट, पारपेठ, मलकापुर; सागर लॉजिस्टिक, निम्भारी, मलकापुर और इंदरचंद हुकुमचंद जैन, निवासी देऊलगांव माही, जिला बुलढाणा, महाराष्ट्र शामिल हैं। अवैध परिवहन के मामले में केस पुलिस ने खाद के अवैध परिवहन और नियमों के उल्लंघन के मामले में केस दर्ज किया है। उर्वरक नियंत्रण आदेश और आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई है। खाद और तीनों ट्रकों सहित 50.25 लाख रुपए की सामग्री जब्त की गई है। पुलिस जांच कर रही है कि खाद तय पते के बजाय दूसरे गांव में क्यों ले जाई जा रही थी और इसके पीछे किसकी क्या भूमिका है।