sports
उस्मान ख्वाजा के समर्थन में आए डेविड वार्नर, बोले- 2018 की जांच में हुई थी जल्दबाजी, अब सामने आ रहा पूरा सच

Ball Tampering Controversy: ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट का आठ साल पुराना बॉल टैंपरिंग विवाद एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है. 2018 के सैंडपेपर गेट (Sandpaper Gate) मामले को लेकर पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ओपनर डेविड वार्नर ने अपने पुराने साथी उस्मान ख्वाजा का खुलकर समर्थन किया है. वार्नर ने ख्वाजा के दावों को 100 प्रतिशत सही बताते हुए क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं. उनका कहना है कि उस समय जांच में जल्दबाजी की गई थी और कई अहम पहलुओं को ठीक से नहीं परखा गया था.
उस्मान ख्वाजा ने क्या किया था दावा?
दरअसल, उस्मान ख्वाजा ने अपनी आने वाली आत्मकथा 'Sabr' में 2018 के बॉल टैंपरिंग विवाद को लेकर कई खुलासे किए हैं. ख्वाजा के मुताबिक, दक्षिण अफ्रीका दौरे के दौरान गेंद की स्थिति बदलने को लेकर चर्चा सिर्फ कुछ खिलाड़ियों तक सीमित नहीं थी, बल्कि पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम और सपोर्ट स्टाफ के बीच इस विषय पर बातचीत हुई थी.
ये भी पढ़ें: वेस्टइंडीज ने बांग्लादेश में जीती टेस्ट सीरीज, तौहीद हृदोय ने दूसरे मैच में लूटी महफिल, मुशफिकुर रहमान ने रचा नया कीर्तिमान
ख्वाजा ने यह भी दावा किया कि उन्होंने उस समय सामूहिक जिम्मेदारी लेने की बात कही थी, लेकिन क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की जांच के दौरान उनसे पूछताछ तक नहीं की गई. उनके इन खुलासों के बाद क्रिकेट जगत में एक बार फिर उस विवाद को लेकर बहस शुरू हो गई है.
वार्नर ने जांच प्रक्रिया पर उठाए सवाल
डेविड वार्नर ने इंस्टाग्राम पर वीडियो साझा करते हुए ख्वाजा का समर्थन किया. उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर वह आठ साल बाद पहली बार खुलकर बोल रहे हैं. वार्नर ने ख्वाजा को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन्होंने जो कुछ बताया है, वह पूरी तरह सही है.
वार्नर ने जांच प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए कहा कि ख्वाजा उस समय कैमरन बैनक्रॉफ्ट के पास बैठे थे, लेकिन जांच के दौरान उनका इंटरव्यू तक नहीं लिया गया. ऐसे में इस जांच को पूरी तरह निष्पक्ष और व्यापक कैसे माना जा सकता है? उन्होंने कहा कि अब जरूरत पुराने विवाद को दोबारा हवा देने की नहीं, बल्कि जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करने की है. वार्नर के मुताबिक, उन लोगों से सवाल पूछे जाने चाहिए जो उस जांच के लिए जिम्मेदार थे.
क्या था 2018 का सैंडपेपर गेट विवाद?
यह पूरा मामला मार्च 2018 में दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच केपटाउन में खेले गए तीसरे टेस्ट मैच से जुड़ा है. मुकाबले के दौरान कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर का इस्तेमाल करते हुए कैमरे में देखा गया था. इसके बाद ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट में बड़ा विवाद खड़ा हो गया था. जांच के बाद तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर पर एक-एक साल का प्रतिबंध लगाया गया था, जबकि कैमरन बैनक्रॉफ्ट को नौ महीने के लिए प्रतिबंधित किया गया था. इस घटना ने ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट की छवि को काफी नुकसान पहुंचाया था.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने अपने पुराने फैसले का किया बचाव
ख्वाजा और वार्नर के नए बयानों के बीच क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने भी अपनी पुरानी जांच का बचाव किया है. बोर्ड का कहना है कि 2018 में सामने आई सभी संबंधित जानकारियों पर उचित तरीके से विचार किया गया था और वह अपनी जांच के निष्कर्षों पर अब भी कायम है. उस समय जांच में यह निष्कर्ष निकला था कि गेंद से छेड़छाड़ की योजना की जानकारी स्मिथ, वार्नर और बैनक्रॉफ्ट को थी. वहीं, ऑस्ट्रेलिया के चार प्रमुख गेंदबाजों पैट कमिंस, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन ने 2021 में संयुक्त बयान जारी कर कहा था कि उन्हें इस योजना की जानकारी नहीं थी.
परिवार पर भी पड़ा था विवाद का असर
डेविड वार्नर ने इस विवाद के निजी जिंदगी पर पड़े असर के बारे में भी बात की. उन्होंने बताया कि हाल ही में उन्हें अपनी बेटियों को समझाना पड़ा कि 2018 में उनके परिवार के साथ क्या हुआ था. उनकी 12 साल की बेटी ने उनसे पूछा था कि उस समय परिवार के आसपास इतने कैमरे क्यों थे और टीवी पर सभी भावुक क्यों नजर आ रहे थे. वार्नर ने कहा कि अपनी बेटियों को इस पूरे मामले के बारे में बताना उनके लिए आसान नहीं था. उन्होंने उन्हें सच बोलने की सीख भी दी.
अब ख्वाजा की किताब और वार्नर के बयान ने आठ साल पुराने विवाद को फिर चर्चा में ला दिया है. देखना होगा कि क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया इस नई बहस के बाद कोई अतिरिक्त जानकारी सामने रखता है या नहीं.
ये भी पढ़ें: साउथ अफ्रीका दौरे के लिए भारतीय महिला टीम का ऐलान, स्मृति मंधाना तीनों फॉर्मेट में संभालेंगी कप्तानी, देखें पूरा स्क्वाड