Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

लुधियाना में 3 मंजिला फैक्ट्री धू-धू कर जली:आशंका पटाखे की चिंगारी से भड़की आग ; 22 गाड़ियों ने 3 घंटे में पाया काबू

INT News10 November 2026 at 05:52 am

लुधियाना सोमवार रात के राहो रोड स्थित न्यू सुभाष नगर इलाके में उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई जब यहां एक तीन मंजिला होजरी में भयंकर आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते इसने पूरी बिल्डिंग को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब 3 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। जानकारी के मुताबिक राहो रोड की शनि देव मंदिर वाली गली में स्थित BBM होजरी की तीन मंजिला इमारत में सोमवार रात अचानक आग लग गई। फैक्ट्री के अंदर स्कूल यूनिफॉर्म और कपड़ा भारी मात्रा में रखा हुआ था जिससे आग तेजी से फैल गई। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों का कहना है कि यह आग किसी पटाखे के कारण लगी है। पटाखे की चिंगारी फैक्ट्री के अंदर गिरी और अंदर रखे ज्वलनशील कच्चे माल ने पल भर में भयानक रूप ले लिया। आस-पास के इलाके में दहशत,3 घंटे चला रेस्क्यू रिहायशी और तंग इलाका होने की वजह से आस-पड़ोस के लोगों में दहशत का माहौल बन गया। लोगों को डर था कि आग कहीं उनके घरों तक न पहुंच जाए। घटना की जानकारी तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। दमकल विभाग को एक के बाद एक 20 से 22 गाड़ियां मौके पर बुलानी पड़ीं।

दमकल कर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछारें कर लगभग 3 घंटे की लगातार कोशिशों के बाद इस भीषण आग पर पूरी तरह से काबू पा लिया। समय रहते आग पर कंट्रोल होने से आस-पास की इमारतें सुरक्षित बच गईं हालांकि होजरी के अंदर रखा लाखों का माल और मशीनरी जलकर खाक होने की आशंका है। गनीमत यह रही कि रात का समय होने के कारण फैक्ट्री में कोई जनहानि नहीं हुई। पुलिस और प्रशासन अब आग लगने के असल कारणों और नुकसान का आंकलन कर रहे हैं।