समाचार · मध्य प्रदेश
बहू के पेट पर मारी लात, ससुर की जमानत खारिज:गर्भवती से छेड़खानी, गहने मांगते मारपीट की थी; कोर्ट ने कहा- जमानत उचित नहीं
गुना में छह महीने की गर्भवती बहू के साथ मारपीट और छेड़छाड़ के मामले में आरोपी ससुर की जमानत याचिका कोर्ट ने खारिज कर दी। आरोपी ने बहू से गहने मांगे थे। इनकार करने पर उसे थप्पड़ मारा। ससुर कमरे की कुंडी तोड़कर अंदर गया और छेड़छाड़ करते हुए पेट में लात मार दी। महिला के पति ने बीच-बचाव किया, तो आरोपी ने उसे भी पीटा। गहने देने से मना किया तो मारा थप्पड़ मामला 26 सितंबर की रात करीब 9 बजे का है। महिला ने 27 सितंबर को कैंट थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को बताया कि वह खाना बनाने के बाद अपने कमरे में पहुंची थी। इसी दौरान उसके ससुर ने उसे गहने देने के बहाने अपने कमरे में बुलाया और उससे ज्वेलरी मांगने लगा। महिला ने गहने देने से इनकार किया तो आरोपी ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद महिला अपने कमरे में चली गई और दरवाजे की कुंडी लगा ली। कुंडी तोड़कर कमरे में घुसा, गर्भवती के पेट में मारी लात शिकायत के मुताबिक, आरोपी ने महिला से दरवाजा खोलने को कहा। जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो आरोपी ने कुंडी तोड़ दी और कमरे में घुस गया। आरोप है कि उसने गलत नीयत से महिला का हाथ पकड़ा और उसके साथ छेड़छाड़ की। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने यह जानते हुए भी कि वह छह महीने की गर्भवती है, उसके पेट में लात मार दी। इससे वह नीचे गिर गई। महिला के चिल्लाने पर उसका पति और देवर मौके पर पहुंचे और उसे बचाया। पति को भी डंडे से पीटा महिला के मुताबिक, बीच-बचाव करने आए उसके पति को भी आरोपी ने डंडे से मारा। इससे पति को चोटें आईं। इसके बाद महिला और उसके पति ने घर छोड़कर जाने की बात कही, लेकिन आरोपी उन्हें गालियां देता रहा। कोर्ट ने कहा- जमानत उचित नहीं कैंट थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। इसके बाद आरोपी की ओर से जमानत याचिका दायर की गई। सुनवाई के बाद कोर्ट ने आरोपी की जमानत याचिका खारिज कर दी। कोर्ट ने टिप्पणी की कि आरोपी महिला का ससुर है। उसके खिलाफ बेटे और बहू की ओर से गंभीर शिकायत की गई है। अपराध की गंभीरता को देखते हुए आरोपी को जमानत पर रिहा करना उचित नहीं है।