Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

सोनिया गांधी ने दो बार दी कैंसर को मात, मीडिया से बचने के लिए इटली में कराया ऑपरेशन

INT News10 November 2026 at 04:39 pm

सोनिया गांधी ने किताब में लिखा है कि 2010 में डॉक्टरों ने उन्हें स्तन कैंसर की आशंका के चलते तुरंत ऑपरेशन कराने की सलाह दी थी. दिल्ली के सर गंगा राम अस्पताल के डॉक्टरों पर उन्हें पूरा भरोसा था, लेकिन इसके बावजूद वह काफी घबराई हुई थीं. उन्हें और उनके बच्चों को बताया गया था कि इलाज में देरी करने की कोई गुंजाइश नहीं है.

उन्होंने लिखा, "मेरे मन में संभावित गंभीर नतीजों को लेकर कई तरह के विचार आने लगे थे."

मीडिया की नजरों से बचने के लिए इटली में कराया ऑपरेशन

सोनिया गांधी ने बताया कि वह अपनी निजी जिंदगी को हमेशा गोपनीय रखना चाहती थीं. उन्हें डर था कि अगर बीमारी की खबर मीडिया तक पहुंची तो उनकी निजता प्रभावित होगी. इसी वजह से उन्होंने मुंबई के टाटा मेमोरियल अस्पताल में इलाज कराने का विकल्प छोड़ दिया और इटली के मिलान के बाहर स्थित यूरोपियन इंस्टीट्यूट ऑफ ऑन्कोलॉजी में ऑपरेशन कराने का फैसला किया.

उन्होंने किताब में लिखा कि सार्वजनिक जीवन में होने का यह मतलब नहीं है कि किसी व्यक्ति को अपनी निजी जिंदगी की गोपनीयता का अधिकार नहीं होना चाहिए. बीमारी की चर्चा मीडिया में होने का विचार भी उन्हें परेशान करता था.

सोनिया गांधी के साथ उनके बेटे राहुल गांधी, बेटी प्रियंका गांधी, दामाद रॉबर्ट वाड्रा और उनकी बहनें नादिया और अनुष्का भी थीं. उनका ऑपरेशन मशहूर सर्जन डॉ. उम्बर्टो वेरोनेसी की देखरेख में हुआ.

उन्होंने ऑपरेशन से पहले के उस भावुक पल को याद करते हुए लिखा कि जब उन्हें ऑपरेशन थिएटर ले जाया जा रहा था, तब राहुल और प्रियंका ने उनका हाथ पकड़ा और माथे को चूमकर भरोसा दिलाया कि सब ठीक हो जाएगा.

सोनिया के मुताबिक, डॉक्टरों ने ऑपरेशन के दौरान दो ट्यूमर निकाले. इनमें से एक में कैंसर की आशंका नहीं थी, लेकिन एहतियात के तौर पर उसे भी हटा दिया गया. ऑपरेशन के दौरान ही रेडिएशन उपचार किया गया, जिससे उन्हें पांच सप्ताह तक रेडियोथेरेपी कराने की जरूरत नहीं पड़ी.

ये भी पढ़ें: संजय की मौत के बाद बड़ा राजनीतिक पद चाहती थीं मेनका: सोनिया ने खोले गांधी परिवार के झगड़े के राज

एक साल बाद पैंक्रियाज में मिली गांठ, फिर बढ़ी चिंता

सोनिया गांधी ने बताया कि ऑपरेशन के बाद पूरी तरह स्वस्थ होने में उन्हें करीब एक साल लग गया. इसके बाद नियमित जांच के दौरान उनके अग्न्याशय में एक और गांठ का पता चला. इस खबर से वह और उनके बच्चे सदमे में आ गए. परिवार को डर था कि कहीं पहले वाली बीमारी दोबारा तो नहीं लौट आई है.

कई डॉक्टरों से सलाह लेने के बाद उन्हें तत्काल ऑपरेशन कराने की सलाह दी गई. शुरुआत में डॉक्टरों को आशंका थी कि ट्यूमर न्यूरोएंडोक्राइन हो सकता है. ऐसी स्थिति में ऑपरेशन लंबा चलने और अस्पताल में ज्यादा समय तक रहने की संभावना थी.

इस बार सोनिया गांधी को नीदरलैंड के रॉटरडैम स्थित इरास्मस यूनिवर्सिटी मेडिकल सेंटर ले जाया गया. वहां अग्न्याशय के विशेषज्ञ सर्जन डॉ. कैस्पर वान आइक ने उनका इलाज किया.

उन्होंने लिखा कि डॉक्टरों के आश्वासन के बावजूद वह ऑपरेशन को लेकर बेचैन थीं, क्योंकि बीमारी की वास्तविक स्थिति का पता सर्जरी के बाद ही चल सकता था. उन्हें डर था कि कहीं ट्यूमर कैंसर का फैला हुआ रूप न हो. वह सोच रही थीं कि अगर ऐसा हुआ तो क्या वह इससे उबर पाएंगी.

इस बार उन्होंने अपने ऑपरेशन की जानकारी सार्वजनिक नहीं होने दी. इसकी जानकारी केवल तत्कालीन प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और कुछ वरिष्ठ सहयोगियों को थी. ऑपरेशन के बाद डॉक्टर ने उन्हें बताया कि वह भाग्यशाली थीं, क्योंकि ट्यूमर कैंसर-पूर्व की शुरुआती अवस्था में था और समय रहते उसका पता चल गया था.

ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी ने इमरजेंसी को बताया संवैधानिक, फिर मोदी सरकार पर लोकतंत्र को कुचलने का आरोप क्यों?

2016 में वाराणसी की रैली के दौरान हुईं बेहोश

सोनिया गांधी ने किताब में अगस्त 2016 की एक घटना का भी जिक्र किया है. उस समय उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव की तैयारियां चल रही थीं. वाराणसी में एक रैली के दौरान लगातार पांच घंटे तक काफिले में रहने के बाद उनकी तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश होकर गिर पड़ीं. इसके बाद उन्हें विमान से दिल्ली लाया गया.

उन्होंने लिखा कि होश आने और दोबारा बेहोश होने के बीच उन्हें अपने दिवंगत पति राजीव गांधी दिखाई दिए. वह उनकी ओर हाथ बढ़ा रहे थे और मुस्कुराकर मानो कह रहे थे कि सब ठीक हो जाएगा.

सोनिया ने बताया कि उस दौरान कांग्रेस की वरिष्ठ नेता शीला दीक्षित लगातार उनके पास थीं. बाद में शीला दीक्षित ने उन्हें बताया कि विमान में सफर के दौरान अचानक उनके चेहरे पर मुस्कान आ गई थी. सोनिया को यकीन था कि शायद उसी समय उन्होंने राजीव गांधी को देखा होगा.

हालांकि, इस घटना में उनके कंधे में गंभीर चोट आई थी और इसके लिए भी उन्हें ऑपरेशन कराना पड़ा था.

526 पन्नों की आत्मकथा में जीवन के कई पहलुओं का जिक्र

हार्परकॉलिन्स इंडिया से प्रकाशित सोनिया गांधी की 526 पन्नों की आत्मकथा ‘बिलॉन्गिंग: ए जर्नी ऑफ लव’ में उनके जीवन के कई अहम पड़ावों को शामिल किया गया है. किताब में युद्ध के बाद के इटली में उनके बचपन, नेहरू-गांधी परिवार में विवाह, राजीव गांधी की हत्या और राजनीति में उनके प्रवेश से जुड़े अनुभवों का भी वर्णन है.

ये भी पढ़ें: क्या प्रधानमंत्री बनना चाहते थे प्रणब मुखर्जी? सोनिया गांधी ने किताब में खोला 2010 का राज