समाचार · छत्तीसगढ़
स्कॉर्पियो और बाइक की भीषण भिड़ंत, तीन नाबालिगों की मौत:नेशनल हाईवे-43 पर हादसा; दो की मौके पर मौत, तीसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम
जशपुर नेशनल हाईवे-43 पर रविवार को एक भीषण सड़क हादसे में तीन नाबालिगों की जान चली गई, जबकि चौथा किशोर गंभीर रूप से घायल हो गया। लोदाम थाना क्षेत्र के ग्राम कुलड़ा के पास मोटरसाइकिल और स्कॉर्पियो के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों किशोर गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से दो ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे में घायल चौथे किशोर को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल जशपुर रेफर किया गया है। पहले देखिये यह तस्वीरें जशपुर से रांची जा रही थी स्कॉर्पियो मिली जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो जशपुर से रांची की ओर जा रही थी। वहीं, मोटरसाइकिल पर सवार चारों किशोर लोदाम की ओर से जशपुर आ रहे थे। इसी दौरान ग्राम कुलड़ा के पास दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल सवार चारों किशोर सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दो की मौके पर मौत, तीसरे ने अस्पताल में तोड़ा दम हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान शिवम सिंह (15), विकास महतो (16) और अनूप बैक (17) के रूप में हुई है। तीनों ग्राम लोदाम के निवासी थे। जानकारी के अनुसार, शिवम और विकास की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से घायल अनूप बैक ने अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं, हादसे में घायल विशाल भगत (17) की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल जशपुर रेफर किया गया है। पुलिस जांच में जुटी, गांव में शोक घटना की सूचना मिलते ही लोदाम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। एक ही दुर्घटना में तीन किशोरों की मौत से लोदाम क्षेत्र में शोक का माहौल है। कम उम्र में तीन युवाओं की असमय मौत से उनके परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।