national
राजस्थान में बारूद बनाते वक्त विस्फोट, नागौर में 2 लोगों की मौत; 2 की हालत गंभीर

विस्फोट नागौर के बदली इलाके में सुबह करीब 9:40 बजे हुआ. हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत होने की खबर है. वहीं, गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया. मृतकों और घायलों की पहचान की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है.
मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. इसके बाद राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया. अधिकारियों ने परिसर में किसी अन्य व्यक्ति के फंसे होने की आशंका को देखते हुए जांच की.
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, यह गोदाम अमीन नाम के व्यक्ति का बताया जा रहा है. परिसर के एक हिस्से में तैयार पटाखों का स्टॉक भी मिला है. स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां पोटैशियम नाइट्रेट मिलाकर बारूद तैयार किया जाता था.
विस्फोट की वजह का पता लगाने में जुटी पुलिस
फिलहाल विस्फोट की वास्तविक वजह स्पष्ट नहीं हुई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. हादसे में हुए नुकसान और यूनिट में सुरक्षा इंतजामों से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जा रही है. अधिकारियों की ओर से विस्तृत जानकारी का इंतजार है.