समाचार · हरियाणा
जींद अस्पताल में कपल की पिटाई, 5 दिन बाद FIR:सिक्योरिटी गार्ड नामजद, दो होमगार्ड लाइनहाजिर; अभी गिरफ्तारी नहीं
जींद के सिविल अस्पताल में पति-पत्नी से मारपीट के मामले में घटना के 5 दिन बाद सिविल लाइन थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। एफआईआर में सिक्योरिटी गार्ड कपिल को नामजद किया गया है, जबकि अस्पताल के डॉक्टर और अन्य स्टाफ को भी शामिल किया गया है। केस भावना नागपाल की शिकायत पर दर्ज हुआ है। मामला 5 नवंबर की शाम का है। रोहतक रोड स्थित भगवान नगर निवासी सन्नी नागराज और उनकी पत्नी भावना एमएलसी कटवाने के लिए अस्पताल पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। घटना के बाद मामला लगातार सुर्खियों में रहा। फिलहाल किसी आरोपी की गिरफ्तारी की सूचना नहीं है। अस्पताल प्रबंधन ने संबंधित सिक्योरिटी गार्ड को हटा दिया है, जबकि मौके पर पहुंचे 2 होमगार्ड जवानों को लाइनहाजिर किया गया है। कपल से मारपीट का वीडियो हुआ था वायरल 5 नवंबर की शाम सन्नी नागराज और उनकी पत्नी भावना अस्पताल में एमएलसी कटवाने पहुंचे थे। वायरल वीडियो में सिक्योरिटी गार्ड युवक को पकड़कर पीटता दिखाई दे रहा है। वीडियो में पति-पत्नी डॉक्टर पर बाहरी लोगों को बुलाकर पिटाई करवाने के आरोप लगाते सुनाई दे रहे हैं। मारपीट के दौरान अस्पताल में मरीजों और उनके परिजनों की भीड़ जमा हो गई थी। कुछ लोग युवक को सिक्योरिटी गार्ड से छुड़वाने का प्रयास करते भी दिखाई दिए। डिप्टी स्पीकर और एसपी ने अस्पताल पहुंचकर लिया था संज्ञान घटना का वीडियो वायरल होने के बाद 6 नवंबर को डिप्टी स्पीकर डॉ. कृष्ण मिड्ढा एसपी उपासना के साथ अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने घटना की निंदा करते हुए सीएमओ और पीएमओ से जवाब मांगा और एसपी की तरह तत्काल कार्रवाई करने की बात कही। एसपी ने मामले की जांच एएसपी अमित भाटिया को सौंपी थी। 7 नवंबर को स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों की बैठकें हुईं। शाम करीब 4:30 बजे सीटीएम मोनिका जांच के लिए अस्पताल पहुंचीं। वह 5 घंटे से अधिक समय तक अस्पताल में रहीं। इस दौरान उन्होंने पीड़ित दंपती, ड्यूटी पर तैनात डॉक्टरों और स्टाफ के बयान दर्ज किए तथा इमरजेंसी और आसपास की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। घर पर मामा से विवाद के बाद अस्पताल पहुंचे थे पति-पत्नी जानकारी के अनुसार, सन्नी के फोटोग्राफर की बीमारी से मौत हो गई थी। शुक्रवार को घर पर 13वीं का कार्यक्रम था। इसी दौरान सन्नी का अपने मामा से विवाद हो गया। आरोप है कि बाद में मामा के बेटों ने सन्नी और उसकी पत्नी की पिटाई कर दी। इसके बाद दोनों एमएलसी कटवाने और इलाज करवाने सिविल अस्पताल पहुंचे थे। डॉक्टर पर 7 हजार रुपए मांगने के आरोप भावना ने शिकायत में बताया कि वह 5 नवंबर को शाम करीब 4 बजे पति सन्नी को लेकर सिविल अस्पताल पहुंची थी। शाम 5:02 बजे पर्ची कटवाने के बाद दोनों इमरजेंसी में डॉक्टर के पास गए। डॉक्टर ने चोटें देखने के बाद एमएलसी कटवाने को कहा। करीब 6 से 6:30 बजे उनकी एमएलसी बनी। शिकायत के अनुसार, एमएलसी लेकर डॉक्टर के पास लौटने पर उन्हें वार्ड में लेटने के लिए कहा गया। रात 12:30 से 3 बजे तक उपचार नहीं मिलने का आरोप है। इसके बाद सन्नी डॉक्टर के पास गया तो डॉक्टर ने उससे 7 हजार रुपए मांगे। भावना का आरोप है कि सन्नी के पैसे देने से मना करने पर डॉक्टर ने मुकदमा दर्ज करवाने की धमकी दी। भावना ने बताया कि उसकी तबीयत बिगड़ने पर पति ने डॉक्टर से उपचार करने की गुहार लगाई। आरोप है कि डॉक्टर ने पर्ची लेकर आने को कहा और एमएलसी में कटिंग करने की बात कही। सन्नी ने एमएलसी देने से इनकार किया तो डॉक्टर ने एक युवक को कागजात छीनने के लिए बुलाया। शिकायत के मुताबिक, सन्नी ने कागजात पत्नी को दे दिए और युवक को उसे हाथ न लगाने के लिए कहा। इसके बावजूद युवक ने भावना के हाथ से पर्ची छीनने की कोशिश की। इसी दौरान उसके हाथ में ब्लीडिंग हुई और युवक ने सन्नी की पिटाई शुरू कर दी। भावना ने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। फोटो से जानिए घटनाक्रम