समाचार · हरियाणा
कुरुक्षेत्र पुलिस पर गोली चलाकर भागा, अब गिरफ्तार:मुठभेड़ में टांग में लगी थी गोली, साथी ₹40 लाख की ड्रग्स संग पकड़ा; दोनों जमानत पर थे
कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में पुलिस टीम पर फायरिंग कर फरार हुए नशा तस्करी के आरोपी संजू को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए पहले फायरिंग की थी। इसकी अगली सुबह पुलिस के साथ मुठभेड़ हुई। इसमें उसकी टांग में गोली लगी थी। पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया था। अब शाहाबाद पुलिस ने आरोपी को प्रोडक्शन वारंट पर लिया है। आरोपी कैथल का रहने वाला है। नाकाबंदी के दौरान चलाई थी गोली पुलिस के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात सिटी पुलिस चौकी की टीम गश्त कर रही थी। तभी टीम को पता चला कि रिट्ज कार में दो युवक ड्रग्स लेकर जा रहे हैं। पुलिस टीम ने जंधेड़ी रोड पर नहर के पास नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद सूचना वाली कार वहां पहुंची तो पुलिस ने उसे रोककर तलाशी लेने की कोशिश की। इसी दौरान कार में कंडक्टर साइड बैठे युवक ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। इसमें पुलिस कर्मचारी बाल-बाल बच गए। आरोपी का साथी पकड़ा गया जवाब में पुलिस ने आरोपी को चेतावनी दी और उसकी तरफ फायर किया। इसी दौरान गोली चलाने वाला युवक हथियार लेकर मौके से फरार हो गया, जबकि कार चला रहे गौरव निवासी जंधेड़ी को पुलिस ने पकड़ लिया। कार से मिली 40 लाख की ड्रग्स पुलिस ने कार की तलाशी ली तो उसमें से करीब 200 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ। पुलिस ने इसकी कीमत करीब 40 लाख रुपए बताई थी। पुलिस ने गौरव और फरार आरोपी संजू के खिलाफ शाहाबाद में केस दर्ज किया। अगली सुबह हुई मुठभेड़ पुलिस फरार आरोपी संजू की तलाश में जुटी रही। अगली सुबह यानी 20 अक्टूबर को करीब 6 बजे पुलिस को आरोपी के मारकंडा पुल पास होने का पता चला। टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे घेरने की कोशिश की। तब भी आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में संजू की टांग में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। उसके कब्जे से देसी कट्टा भी बरामद कर LNJP अस्पताल में इलाज कराया। गोली चलाने के आरोप में गिरफ्तार अब आरोपी संजू को पुलिस पर गोली चलाने के मामले में कोर्ट से प्रोडक्शन वारंट पर लिया। पूछताछ से पता चला कि उस शाहाबाद में NDPS के दो केस दर्ज हैं। पूछताछ के बाद आरोपी को कोर्ट के ऑर्डर से वापस जेल भेज दिया। इसके साथी गौरव पर पहले भी NDPS एक्ट के 6 मामले दर्ज हैं। वह जमानत पर जेल से बाहर आया था। पुलिस पता लगा रही है कि आरोपी चिट्टा कहां से लाते थे और इसकी सप्लाई कहां करते थे।