समाचार · छत्तीसगढ़
शामपुर एकलव्य विद्यालय विवाद पर प्रशासन का पक्ष:प्रशासन ने जांच रिपोर्ट सार्वजनिक कर कहा- इससे अभिभावक और छात्राएं भ्रमित हुए
कोंडागांव के माकड़ी विकासखंड के एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय शामपुर में लंबे समय से चल रहे विवाद पर रविवार को जिला प्रशासन ने प्रेसवार्ता कर अपना पक्ष रखा। प्रशासन ने जांच प्रतिवेदन और शासकीय दस्तावेजों के आधार पर पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए कहा कि विद्यालय की अव्यवस्थाओं को लेकर शिकायत मिलने के बाद तत्काल जांच कराई गई थी। जांच में सामने आई कमियों के आधार पर जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की गई और व्यवस्थाओं में सुधार के कदम उठाए गए। प्रशासन ने शिक्षिका प्रियंका परिहार पर अपनी व्यक्तिगत सेवा संबंधी कार्रवाई को विद्यालय और छात्राओं की समस्याओं से जोड़कर प्रस्तुत करने का आरोप लगाया। अधिकारियों का कहना है कि इससे अभिभावकों और विद्यार्थियों के बीच भ्रम की स्थिति बनी। शिकायत के बाद जांच, तत्कालीन प्राचार्य को हटाया प्रशासन के मुताबिक, 31 अक्टूबर को अभिभावक, विद्यार्थी और शिक्षक विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर कलेक्ट्रेट पहुंचे थे। शिकायत के बाद 2 नवंबर को जांच समिति गठित की गई। समिति ने 3 नवंबर को विद्यालय का निरीक्षण किया, जिसमें संचालन संबंधी कई कमियां सामने आईं। जांच प्रतिवेदन के आधार पर तत्कालीन प्राचार्य को हटाने की कार्रवाई की गई। कन्या छात्रावास की अधीक्षिका को जिला कार्यालय संलग्न किया गया, जबकि बालक छात्रावास के अधीक्षक की सेवा समाप्त कर नए प्राचार्य की नियुक्ति की गई। संबंधित अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस भी जारी किए गए। सीसीटीवी और अनधिकृत प्रवेश के आरोपों की भी जांच सीसीटीवी कैमरे और अनधिकृत प्रवेश को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच के लिए 11 नवंबर को अलग समिति गठित की गई। 13 नवंबर को किए गए निरीक्षण में शौचालय के पास लगे कैमरे बंद पाए गए। हालांकि, जांच प्रतिवेदन में सीसीटीवी और अनधिकृत प्रवेश से जुड़े आरोपों को निराधार बताया गया। इसके बाद 17 और 18 नवंबर को छात्रावास की अन्य व्यवस्थाओं की भी जांच की गई। मेस समिति, भोजन मेन्यू सहित संबंधित विषयों पर कार्रवाई की गई। प्रशासन के अनुसार, 23 नवंबर से विद्यालय का नियमित संचालन शुरू कर दिया गया। निजी सेवा विवाद को छात्राओं की समस्याओं से जोड़ने का आरोप प्रेसवार्ता में प्रशासन ने शिक्षिका प्रियंका परिहार के खिलाफ की गई कार्रवाई का भी ब्योरा दिया। अधिकारियों के अनुसार, उनके विरुद्ध कार्रवाई विद्यालय के संचालन में व्यवधान, अनुशासनहीनता और सेवा नियमों के उल्लंघन से संबंधित थी। उनका स्थानांतरण अथवा संलग्नीकरण राज्य स्तरीय समिति और आयुक्त कार्यालय के आदेश के तहत परीक्षा पूर्व प्रशिक्षण केंद्र (PETC), जगदलपुर किया गया था। 15 अक्टूबर को उन्हें विद्यालय से भारमुक्त कर दिया गया था। प्रशासन का आरोप है कि इसके बाद भी शिक्षिका ने अपनी व्यक्तिगत सेवा संबंधी कार्रवाई को विद्यालय की समस्याओं से जोड़कर छात्राओं, अभिभावकों और मीडिया के सामने प्रस्तुत किया। जांच प्रतिवेदन के अनुसार, 31 अक्टूबर को अभिभावक-शिक्षक बैठक के दौरान उन्होंने अपने संलग्नीकरण के विरोध में छात्राओं और अभिभावकों को लामबंद करने तथा कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। जांच रिपोर्ट में आरोप प्रमाणित होने का दावा, शिक्षिका निलंबित प्रशासन के अनुसार, 31 अक्टूबर को गठित जिला स्तरीय जांच समिति की रिपोर्ट में शासकीय अवज्ञा, पदानुक्रम की अवहेलना, अनधिकृत हस्ताक्षर और नाबालिग छात्राओं को आंदोलन के लिए प्रेरित करने संबंधी आरोप प्रमाणित पाए गए। इसी आधार पर 2 नवंबर को प्रियंका परिहार के निलंबन का आदेश जारी किया गया। वहीं, 24 नवंबर को विद्यालय परिसर में अनधिकृत प्रवेश और प्राचार्य के साथ विवाद के बाद दर्ज एफआईआर के आधार पर 25 नवंबर को पुलिस ने उन्हें हिरासत में लिया। प्रशासन ने बताया कि यह मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है। विवाद ने पकड़ा राजनीतिक तूल, सड़क पर उतरे अभिभावक विद्यालय की व्यवस्थाओं और शिक्षिका के खिलाफ कार्रवाई को लेकर विवाद लगातार बढ़ता गया। अभिभावकों में आक्रोश देखने को मिला और विरोध प्रदर्शन के साथ चक्काजाम की स्थिति भी निर्मित हुई। राजनीतिक दलों के साथ स्थानीय लोग भी इस मुद्दे को लेकर सड़क पर उतरे। लंबे समय तक शामपुर एकलव्य विद्यालय का विवाद जिले में चर्चा का विषय बना रहा। प्रशासन का कहना है कि विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर पहले ही जांच कर कार्रवाई की जा चुकी थी और सुधारात्मक कदम उठाए गए थे। इसके बावजूद व्यक्तिगत सेवा विवाद को छात्राओं की समस्याओं से जोड़कर प्रस्तुत किए जाने से भ्रम और असंतोष की स्थिति बनी। बच्चों की सुरक्षा और शिक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता: प्रशासन प्रेसवार्ता में जिला प्रशासन ने कहा कि आदिवासी अंचल के बच्चों की सुरक्षा, स्वास्थ्य और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की कि वे किसी भी भ्रामक प्रचार से प्रभावित न हों और विद्यालय की व्यवस्थाओं को लेकर प्रमाणित तथ्यों के आधार पर ही अपनी राय बनाएं।