Monday, 30 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

धनबाद के यूट्यूबर आर्यन केल्विन के पटना कार्यक्रम में बवाल, पथराव और तोड़फोड़; 12 गिरफ्तार

INT News29 November 2026 at 09:32 pm

Aryan Kelvin Show in Patna: झारखंड के धनबाद से ताल्लुक रखने वाले मशहूर सोशल मीडिया क्रिएटर आर्यन केल्विन के कार्यक्रम में बिहार की राजधानी पटना में रविवार को जमकर हंगामा हुआ. यूट्यूबर को देखने और उनसे मिलने के लिए बड़ी संख्या में युवा पटना के मिलर स्कूल ग्राउंड पहुंचे थे. भीड़ बढ़ने के बाद वहां अफरा-तफरी मच गयी. इस दौरान तोड़फोड़ और पथराव की घटनाएं हुईं. पुलिस ने अब तक 12 लोगों को गिरफ्तार किया है, जबकि कार्यक्रम के आयोजक सुमन की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

धनबाद के भूली से है आर्यन केल्विन का नाता

आर्यन केल्विन का असली नाम अमन पंडित है. वह धनबाद के भूली आजाद नगर के रहने वाले हैं. सोशल मीडिया पर कॉमेडी वीडियो और रील्स के जरिए उन्होंने पहचान बनाई है. उनकी लोकप्रियता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पटना में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें देखने के लिए बड़ी संख्या में युवा पहुंचे थे.

पटना में भीड़ बेकाबू, पुलिस को करना पड़ा लाठीचार्ज

पटना के वीरचंद पटेल पथ स्थित मिलर स्कूल ग्राउंड में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में भीड़ का दबाव अचानक बढ़ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आर्यन केल्विन के पहुंचने के बाद कुछ लोग उनकी गाड़ी पर चढ़ने लगे. हालात बिगड़ने पर आर्यन मंच पर पहुंचे बिना ही वहां से निकल गये. इसके बाद नाराज लोगों ने हंगामा और तोड़फोड़ शुरू कर दी. भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा.

इस दौरान भाजपा कार्यालय की ओर भी ईंट-पत्थर फेंके जाने की खबर है. पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए. एएसपी विधि-व्यवस्था कृष्ण मुरारी प्रसाद के मुताबिक, फिलहाल स्थिति नियंत्रित है और पुलिस मामले की जांच कर रही है.

सितंबर में धनबाद के फैन मीट में भी हुआ था हंगामा

आर्यन केल्विन के कार्यक्रम में अव्यवस्था का मामला पहली बार सामने नहीं आया है. इससे पहले 6 सितंबर 2026 को धनबाद के गोल्फ ग्राउंड में भी उनका फैन मीट आयोजित किया गया था. उस कार्यक्रम में झारखंड के अलावा बिहार, उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों से बड़ी संख्या में प्रशंसक पहुंचे थे. वहां भी भीड़ बढ़ने के बाद बाउंसरों और प्रशंसकों के बीच धक्का-मुक्की हुई थी. कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था.