समाचार · पंजाब
बठिंडा में श्मशान घाट पर मृत मिला युवक:पिता ने बताया-वह नशा छोड़ने की दवा लेता था, काम पर जाने के लिए घर से निकला था
बठिंडा के बीड तालाब स्थित श्मशान घाट में उस समय हड़कंप मच गया जब वहां एक नवयुवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। घटना की सूचना मिलते ही सहारा जन सेवा की लाइफ सेविंग ब्रिगेड हेल्पलाइन टीम एंबुलेंस के साथ तुरंत मौके पर पहुंची। वहां बने एक चबूतरे पर युवक का शव पड़ा हुआ था और प्रथम दृष्टया उसकी मौत काफी संदिग्ध प्रतीत हो रही थी। घटना की जानकारी मिलते ही थाना सदर पुलिस की टीम भी मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच के दौरान मृतक के पास से कोई ऐसा दस्तावेज या सामान नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। इसके बाद सहारा टीम ने पुलिस की मौजूदगी में शव को कब्जे में लेकर बठिंडा सिविल अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। सहारा संगठन के अध्यक्ष गौतम गोयल ने बताया कि मृतक की शिनाख्त के लिए शव को अस्पताल के शवगृह में सुरक्षित रखवा दिया गया था। काम के सिलसिले में घर से निकला था मृतक रणजीत सिंह पुलिस द्वारा की गई गहन जांच के बाद मृतक की पहचान गांव बहमन दीवाना निवासी 28 वर्षीय रणजीत सिंह पुत्र हरलाभ सिंह के रूप में हुई। थाना सदर के जांच अधिकारी अमनदीप सिंह ने बताया कि रणजीत पेशे से दिहाड़ी मजदूरी का काम करता था। मृतक के पिता हरलाभ सिंह ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि रणजीत सुबह-सुबह काम पर जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा और बाद में उसकी मौत की खबर मिली। नशा छुड़ाओ केंद्र से चल रहा था इलाज, जांच जारी मृतक के पिता ने पुलिस के समक्ष यह खुलासा भी किया कि रणजीत पहले नशे का आदी था और उसका बठिंडा के सिविल अस्पताल स्थित नशा छुड़ाओ केंद्र से इलाज चल रहा था, जहाँ से वह नियमित दवा ले रहा था। फिलहाल थाना सदर पुलिस ने पिता के बयानों के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और मौत के असल कारणों का पता लगाने के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई जारी रखी है।