समाचार · झारखंड
निशा भगत की मौत को हत्या बता रहीं IRS अधिकारी निशा उरांव, बोलीं- उस दिन हुई थी फोन पर बात, बनूंगी गवाह

रांची: सामाजिक कार्यकर्ता और भारतीय राजस्व सेवा (IRS) की अधिकारी निशा उरांव ने निशा भगत की मौत को हत्या बताया है. उन्होंने कहा कि यह आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या का मामला है. निशा भगत धर्मांतरण और जमीन लूट जैसे मुद्दों पर मुखर होकर अपनी बात रख रही थीं. उन्होंने फेसबुक पोस्ट और लाइव वीडियो में भू-माफिया के खिलाफ साक्ष्य होने तथा कुछ लोगों के नाम लेने की बात कही थी. डिजिटल के नवीन शर्मा के साथ बातचीत में निशा उरांव ने बताया कि जिस दिन निशा भगत की मौत हुई, उसी दिन उनकी फोन पर बात हुई थी. बातचीत के दौरान वह बहुत रो रही थीं और खुद को असुरक्षित महसूस करने की बात कह रही थीं. पढ़ें निशा उरांव से बातचीत के मुख्य अंश...
सवाल: आपको क्या लगता है, निशा भगत के मामले में ज्यादती हुई है? यह साजिश है या उन्होंने आत्महत्या की है?
निशा उरांव: शत-प्रतिशत यह हत्या है, आत्महत्या नहीं. समाज के लोग भी यही समझ रहे हैं. निशा धर्मांतरण और जमीन लूट के मुद्दों पर बहुत मुखर होकर बोल रही थीं. उन्होंने फेसबुक पर भी लिखा था कि उनके पास भू-माफियाओं के खिलाफ साक्ष्य हैं. अपने लाइव वीडियो में कुछ लोगों के नाम भी लिये थे. मेरा मानना है कि विरोधियों ने उन्हें इतना प्रताड़ित किया और मानसिक यातना दी कि वह टूटने पर मजबूर हो गयीं. उनका शव जिस परिस्थिति में मिला, उसकी पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए.
ये भी पढ़ें... निशा भगत मामले में गिरफ्तारी नहीं हुई, तो होगा Jharkhand बंद, आदिवासी संगठनों ने दी चेतावनी
सवाल: घटना वाले दिन क्या आपकी उनसे बातचीत हुई थी?
निशा उरांव: हां, जिस दिन उनकी मृत्यु हुई, उसी दिन मेरी उनसे फोन पर बात हुई थी. उन्होंने उस दिन कई लोगों को फोन किया था. जब मेरी बात हुई तो वह बहुत रो रही थीं. उन्होंने बताया कि वह खुद को बेहद असुरक्षित महसूस कर रही हैं. उन्हें घर से बाहर निकलने में डर लग रहा है और थाने में उनकी शिकायत दर्ज नहीं की जा रही है. उन्होंने यह भी कहा था कि मीडिया में उनका चरित्र हनन किया जा रहा है. एक दिन पहले अजय तिर्की का इंटरव्यू चला था, जिसमें उनके बारे में बहुत गंदी और भद्दी बातें कही गयी थीं. इससे वह बेहद आहत थीं.
सवाल: जब वह इतनी परेशान थीं, तो क्या आपको किसी अनहोनी की आशंका हुई थी?
निशा उरांव: जून महीने में जब उनके घर चोरी हुई थी, तब भी वह डरी हुई थीं. इस बार जब वह फोन पर रो रही थीं, तो मैंने उनकी परेशानी को गंभीरता से लिया था. मैंने उनसे कहा था कि हम साथ बैठकर शिकायत का ड्राफ्ट तैयार करेंगे और एफआईआर दर्ज कराने में मदद करेंगे. लेकिन किसे पता था कि ऐसा हो जायेगा. मुझे इस बात का बहुत पछतावा है कि हम एक ही समाज के लिए अलग-अलग स्तर पर संघर्ष कर रहे थे, लेकिन एक-दूसरे का संघर्ष नहीं समझ पाये. मैं समाज के सभी आंदोलनकारी भाइयों-बहनों से अपील करती हूं कि एकजुट रहें, ताकि किसी को अकेला न पड़ना पड़े.
वीडियो नीचे देखें...
सवाल: क्या इस घटना से समाज और दूसरी महिला कार्यकर्ताओं में डर का माहौल बन रहा है?
निशा उरांव: मुझे कई बहनों के फोन आ रहे हैं. वे डर रही हैं कि अब उन्हें भी निशाना बनाया जा सकता है. राज्य में ऐसा संदेश नहीं जाना चाहिए कि जो भी मुखर होकर अपनी बात रखेगा, उसे मानसिक रूप से प्रताड़ित कर तोड़ दिया जायेगा. सरकार और प्रशासन को शांतिपूर्ण आंदोलन करने वालों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए.
सवाल: इस मामले में अब आगे क्या कार्रवाई होनी चाहिए?
निशा उरांव: हमारी मांग है कि निशा भगत को समय सीमा के अंदर न्याय मिले. जिन लोगों पर आरोप लगाये जा रहे हैं, उन्हें प्रभावशाली बताया जा रहा है. ऐसे में जांच प्रभावित होने की आशंका है. इसलिए इस मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए.
ये भी पढ़ें... Jharkhand Ration Card: गलत तरीके से राशन कार्ड बनवाकर ले रहे थे मुफ्त अनाज, अब होगी कार्रवाई
सवाल: निशा भगत ने अपने लाइव वीडियो में जिन लोगों के नाम लिये थे, उस पर आप क्या कहेंगी?
निशा उरांव: निशा ने लाइव वीडियो में जिन लोगों के नाम लिये थे, जिनमें अजय तिर्की का नाम भी शामिल है, और जो डिजिटल साक्ष्य मौजूद हैं, उनकी गंभीरता से जांच होनी चाहिए. मरते वक्त इंसान झूठ नहीं बोलता. थानेदार को लाइन हाजिर किया गया है, लेकिन नामजद एफआईआर के बावजूद मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है. उन्होंने अग्रिम जमानत भी नहीं ली है. ऐसा लगता है कि उन्हें गिरफ्तारी का कोई डर नहीं है. इसलिए निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच जरूरी है.
सवाल: अंत में आप क्या कहना चाहेंगी?
निशा उरांव: हमारी मांग है कि निशा भगत को न्याय मिले. इस मामले की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाये. हम परिवार के साथ खड़े हैं और न्याय की लड़ाई में उनका साथ देंगे.