समाचार · मध्य प्रदेश
खुशियों के बीच लापरवाही की मार:पटाखों की चिंगारी से झुलसे 39 लोग अस्पताल पहुंचे, 6 बच्चों को बर्न यूनिट में भर्ती कराया
दीपावली के त्योहार पर आतिशबाजी के दौरान बरती गई जरा सी असावधानी और लापरवाही कई परिवारों के लिए परेशानी का सबब बन गई। शहर में पटाखों की चिंगारी और धमाकों से झुलसने और चोटिल होने के बाद करीब 34 लोग जेएएच पहुंचे। वहीं 5 घायलों ने जिला अस्पताल मुरार की ओपीडी व इमरजेंसी में उपचार कराया। जेएएच पहुंचे मरीजों में 6 बच्चों को बर्न यूनिट में भर्ती कराया गया है। दीपावली को देखते हुए अस्पताल प्रबंधन द्वारा बर्न यूनिट में प्रबंध किए थे। दीपावली पर पटाखे या अन्य किसी कारण से झुलसे मरीजों का यहां इलाज किया जा रहा है। यहां पटाखे से झुलसे 34 मरीज पहुंचे। इनमें ज्यादा झुलसे बच्चों को बर्न यूनिट में भर्ती किया गया। सोमवार को बर्न यूनिट में भर्ती सभी 6 बच्चों की स्थिति पहले से बेहतर है। इनका उपचार ड्रेसिंग और दवाओं से हो रहा है। क्योंकि यह गंभीर श्रेणी में नहीं हैं। इनकी स्थिति पर निरंतर डॉक्टर्स की टीम निगरानी रखे हुए हैं। डेढ़ माह के बच्चे का हाथ, ज्यादातर के चेहरे झुलसे; सभी खतरे से बाहर डबरा निवासी 11 वर्षीय अंश और शिवपुरी निवासी 8 साल का लखन अनार जलाते समय उससे निकली चिंगारी से झुलस गए। गुढ़ागुढ़ी का नाका निवासी 10 वर्षीय साजिद और दतिया निवासी 5 वर्षीय रुद्राक्ष शर्मा पटाखा से बारूद निकालकर जलाने के चक्कर में झुलसे। वहीं सिरोल निवासी 8 वर्षीय जय वाल्मीकि गंभीर हालत में लाया गया है। मरीज की मां के अनुसार ग्राम सिरोल में तारपीन ऑयल में आग लगने से बच्चे का चेहरा बुरी तरह झुलस गया। वह दाहिनी आंख तक नहीं खोल पा रहा है। मेला ग्राउंड के पास रहने वाली वर्षा घर में खाना बना रही थी और उसका डेढ़ माह का बेटा अभिषेक घर में खेल रहा था। बच्चे ने कढ़ाई में हाथ मार दिया जिससे गर्म तेल से उसका हाथ वह झुलस गया। बर्न यूनिट में भर्ती 6 बच्चों को डीप बर्न नहीं, सभी की हालत स्थिर बर्न यूनिट में भर्ती सभी 6 बच्चों के हाथ और चेहरे झुलसे हैं, लेकिन स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। किसी भी बच्चे को डीप बर्न या जीवन का खतरा नहीं है। ड्रेसिंग और जरूरी दवाओं के साथ उनकी निगरानी की जा रही है।
- डॉ. मुकेश नरवरिया, वरिष्ठ प्लास्टिक सर्जन, जेएएच अनार की चिंगारी से बच्चों के चेहरे झुलसे, अधजले पटाखों को दोबारा जलाने में हादसे बर्न यूनिट में भर्ती इन सभी घायल बच्चों का इलाज वरिष्ठ प्लास्टिक सर्जन डॉ. मुकेश नरवरिया की ष देखरेख में चल रहा है। राहत की बात यह रही कि शहर के दोनों बड़े सरकारी अस्पतालों में पहुंचे 39 घायलों में से किसी की भी स्थिति नाजुक नहीं है। जेएएच में भर्ती 6 बच्चों को छोड़कर बाकी 28 मरीजों और जिला अस्पताल पहुंचे सभी 5 घायलों को डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देकर घर रवाना कर दिया। डॉक्टर्स के मुताबिक ये बच्चे अनार जलाते समय उसके अचानक चिंगारी मुंह पर आने या फिर अधजले पटाखों से बारूद निकालकर दोबारा जलाने के प्रयास में झुलसे हैं। जेएएच की ओपीडी में दिखा त्योहार का असर, ओपीडी में आए सिर्फ 235 मरीज दीपावली के चलते ओपीडी में ज्यादा असर सोमवार को दिखा। जेएएच की ओपीडी में रोजाना करीब 2 हजार तक मरीज आते थे, लेकिन त्योहार के चलते ओपीडी में महज 235 मरीज ही दिखाने आए। इसके चलते डॉक्टर मरीजों का इंतजार करते देखे गए। जहां अमूमन पर्चा काउंटर से लेकर कंसल्टेशन रूम तक लंबी कतारें दिखती थीं, वे भी सोमवार को खाली थे। कई विभाग ऐसे थे जहां मरीज आए ही नहीं।