समाचार · मध्य प्रदेश
प्राइवेट नौकरी का समय 7 घंटे करने मांगी मन्नत:20 लाख चढ़ावे के साथ मिली मनोकामनाओं की पर्चियां, माता टेकरी की दान पेटियां खुली
देवास की प्रसिद्ध माता टेकरी पर नवरात्रि के पावन पर्व के बाद दान पेटियां शुक्रवार को खोली गईं। भक्तों ने मां दुर्गा के दरबार में न सिर्फ अपनी निजी खुशियों और मन्नतों के लिए पर्चियां डालीं, बल्कि समाज की गंभीर समस्याओं को लेकर भी माता के चरणों में अर्जियां लगाईं। मंदिर की दान पेटियों से निकली अर्जियों में भक्तों की दैनिक जीवन की चिंताएं साफ दिखाई दीं। एक भक्त ने प्राइवेट सेक्टर में 10 से 12 घंटे के लंबे काम के घंटों और कम वेतन पर दर्द बयां करते हुए ड्यूटी का समय 7 घंटे करने की प्रार्थना की। वहीं एक अन्य भक्त ने बेटियों की सुरक्षा के लिए कठोर कानून बनाने की मांग की। लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए भी भक्तों ने माता रानी से सभी की रक्षा करने की मन्नत मांगी। किसी ने मांगी आंखों की रोशनी तो किसी ने शादी की मन्नत सामाजिक सरोकारों के साथ-साथ दान पेटियों में निजी जीवन से जुड़ी भावुक अर्जियां भी निकलीं। एक मां ने अपने बेटे की आंखों की रोशनी वापस लौटने की गुहार लगाई तो किसी ने बेटे की परीक्षा में सफलता की कामना की। वहीं कई भक्तों ने शीघ्र विवाह, पति की नौकरी और गोद भराई की मनोकामना लेकर पर्चियां डालीं। सुबह से जारी है दान पेटियों की गिनती टेकरी प्रभारी और नायब तहसीलदार कपिल गुर्जर और हरिओम ठाकुर की मौजूदगी में माता टेकरी स्थित दोनों मंदिरों की 21 से अधिक दान पेटियां खोली गईं। दान पेटियों में लाखों रुपए नकद, चांदी के आभूषण और नेपाली मुद्रा प्राप्त हुई है। मंदिर समिति के अनुसार शुक्रवार सुबह 11 बजे से शुरू हुई दान राशि की गिनती देर शाम तक जारी रहेगी, शाम 5 बजे तक 20 रुपए गिने जा चुके हैं।