समाचार · बिहार
जब्त बाइक छुड़वाने आई महिला को 'थाने के बाहर' बुलाना दारोगा जी को पड़ा भारी! ऑडियो वायरल होते ही मधुबनी एसएसपी ने कर दिया सस्पेंड

Madhubani News: मधुबनी. सोशल मीडिया पर एक ऑडियो वायरल होने के बाद मधुबनी के वरीय पुलिस अधीक्षक योगेंद्र कुमार ने खजौली थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक राजेन्द्र कुमार चौरसिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. उन्हें लाइन हाजिर करने के साथ विभागीय कार्यवाही भी शुरू कर दी गयी है. वायरल ऑडियो में एक पुलिस पदाधिकारी की महिला से बातचीत सुनाई दे रही है. बातचीत जब्त मोटरसाइकिल को मुक्त कराने की प्रक्रिया से जुड़ी बतायी जा रही है.
जब्त मोटरसाइकिल छुड़ाने को लेकर बातचीत का आरोप
मिली जानकारी के अनुसार, वायरल ऑडियो में संबंधित पुलिस पदाधिकारी महिला को थाना के बाहर मिलने के लिए कहते सुनाई दे रहे हैं. बातचीत और उसमें सामने आये आचरण को संदिग्ध माना गया है. हालांकि, ऑडियो में हुई बातचीत के पूरे संदर्भ और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है.
जांच में दारोगा की आवाज की हुई पुष्टि
मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी योगेंद्र कुमार ने तत्काल संज्ञान लिया. उन्होंने ऑडियो की जांच और सत्यापन की जिम्मेदारी खजौली अंचल निरीक्षक को सौंपी. जांच के प्रारंभिक सत्यापन में ऑडियो में सुनाई दे रही आवाज खजौली थाना में पदस्थापित पुलिस अवर निरीक्षक राजेन्द्र कुमार चौरसिया की होने की पुष्टि हुई.
एसएसपी ने जांच जल्द पूरी कर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है. पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया दारोगा की संलिप्तता और संदिग्ध आचरण सामने आने के बाद निलंबन की कार्रवाई की गयी है.
भ्रष्टाचार और अनुशासनहीनता पर जीरो टॉलरेंस
वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया है कि पुलिस पदाधिकारी का इस तरह का आचरण अत्यंत अशोभनीय और अनुशासनहीनता का परिचायक है. इससे पुलिस विभाग की छवि भी धूमिल होती है.
विज्ञप्ति में स्पष्ट किया गया है कि मधुबनी पुलिस भ्रष्टाचार और किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है. विभाग में अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल दारोगा के विरुद्ध विभागीय जांच जारी है.