Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national · राजस्थान

Diwali Gift: दिवाली पर Mediagarh ने कर्मचारियों को दिया सरप्राइज, चार लोगों को गिफ्ट में दीं नई कारें

INT News7 November 2026 at 06:12 pm

Mediagarh Diwali Gift: जोधपुर- दीपावली का त्योहार खुशियां बांटने और अपनों के साथ खुशियां साझा करने का अवसर होता है. इसी भावना को खास बनाते हुए जोधपुर स्थित एजुकेशन मार्केटिंग एजेंसी Mediagarh ने अपने वार्षिक दीपावली समारोह 'स्नेह मिलन 3.0' का आयोजन किया. धनतेरस के अवसर पर होटल मधुरम रॉयल में आयोजित इस कार्यक्रम में कंपनी के संस्थापकों ने चार कर्मचारियों को नई कारों की चाबियां सौंपकर उन्हें खास तोहफा दिया. इस दौरान कर्मचारियों के परिवारजन भी मौजूद रहे और अपने परिजनों की इस उपलब्धि के साक्षी बने.

समारोह में जोधपुर, जयपुर और बेंगलुरु स्थित कंपनी के कार्यालयों से कर्मचारी अपने परिवारों के साथ शामिल हुए. कार्यक्रम में 100 से अधिक कर्मचारियों समेत 250 से ज्यादा लोगों की भागीदारी रही. इस दौरान प्रांजल माथुर (वेब डेवलपर) और अमन उस्मानी (लीड यूआई/यूएक्स डिजाइनर) को टाटा टियागो, मेहक ललवानी (सीनियर अकाउंट मैनेजर) को हुंडई आई20 और नितिन सिसोदिया (प्रोजेक्ट मैनेजर) को टाटा हैरियर कार भेंट की गई. चारों कर्मचारियों का चयन उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और संस्थान के विकास में योगदान के आधार पर किया गया.

हर साल बढ़ रही कार पाने वाले कर्मचारियों की संख्या

Mediagarh की ओर से आयोजित स्नेह मिलन समारोह में कर्मचारियों को कार देने की परंपरा हर साल और खास होती जा रही है. समारोह के पहले संस्करण में एक कर्मचारी को कार दी गई थी. पिछले वर्ष यह संख्या बढ़कर दो हुई और इस वर्ष चार कर्मचारियों को कार भेंट की गई. कार की चाबियां सौंपे जाने के दौरान भावुकता और खुशी का माहौल देखने को मिला. खास तौर पर मेहक ललवानी, जिन्होंने कार्यक्रम की शुरुआत में अपना संबोधन दिया था, कार मिलने के क्षण में काफी भावुक नजर आईं.

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह ने बांधा समां

कार्यक्रम की शुरुआत मेहक ललवानी और Mediagarh की सह-संस्थापक वंशिका अग्रवाल के संबोधन से हुई. इसके बाद जोधपुर टीम के युवक-युवतियों ने नृत्य प्रस्तुतियां दीं. जयपुर टीम ने भी अपनी प्रस्तुतियों से समारोह में उत्साह भरा. बाद में तीनों शहरों की टीमों के सदस्यों ने एक साथ नृत्य कर आपसी एकजुटता का संदेश दिया. कार्यक्रम के दौरान एंकर ने विभिन्न खेलों और मनोरंजक गतिविधियों के जरिए माहौल को जीवंत बनाए रखा.

समारोह में कंपनी के सभी विभागों के कर्मचारियों को दिवाली हैम्पर भी वितरित किए गए. इसके साथ ही असाधारण प्रदर्शन करने वाले 15 कर्मचारियों को सिल्वर और 15 कर्मचारियों को गोल्ड अवॉर्ड देकर सम्मानित किया गया.

कर्मचारियों की मेहनत ही संस्थान की असली ताकत : पंकज बुधवानी

Mediagarh के संस्थापक पंकज बुधवानी ने कहा कि स्नेह मिलन उन लोगों के प्रति आभार व्यक्त करने का अवसर है, जिनकी मेहनत और समर्पण से Mediagarh आज इस मुकाम तक पहुंचा है. कर्मचारियों को दी गई प्रत्येक कार उनके निरंतर प्रयास, जिम्मेदारी और संस्थान के प्रति प्रतिबद्धता का प्रतीक है. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के परिवारों की मौजूदगी इस उपलब्धि को और भी खास बनाती है.

कंपनी की सह-संस्थापक वंशिका अग्रवाल ने कहा कि दीपावली आपसी जुड़ाव और एकजुटता का त्योहार है. तीन शहरों की टीमों को एक साथ जश्न मनाते और एक-दूसरे की उपलब्धियों का उत्साह बढ़ाते देखना इस वर्ष के स्नेह मिलन की सबसे खास बात रही. उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के योगदान को पहचान देना कंपनी की कार्यसंस्कृति का अहम हिस्सा है और भविष्य में भी इस परंपरा को आगे बढ़ाया जाएगा.

कार्यक्रम का समापन पंकज बुधवानी और वंशिका अग्रवाल के आभार संबोधन के साथ हुआ. इसके बाद Mediagarh परिवार के सभी सदस्यों ने सामूहिक तस्वीर खिंचवाकर इस यादगार आयोजन को संजोया.

Mediagarh के बारे में

Mediagarh एक एजुकेशन मार्केटिंग एजेंसी है, जो देशभर के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के साथ काम करती है. वर्ष 2021 में जोधपुर से शुरू हुई इस कंपनी के कार्यालय जोधपुर, जयपुर और बेंगलुरु में हैं. कंपनी में 100 से अधिक पेशेवर कार्यरत हैं.