समाचार · पंजाब
फरीदकोट का ऐतिहासिक किला मुबारक 26 नवंबर से खुलेगा:विधायक-डीसी ने लिया तैयारियों का जायजा, एक सप्ताह तक कर सकेंगे दीदार
ऐतिहासिक नगरी फरीदकोट की विरासत के प्रतीक 'किला मुबारक' को 26 नवंबर से एक सप्ताह के लिए आम जनता के दर्शनार्थ खोला जाएगा। मंगलवार शाम विधायक गुरदित्त सिंह सेखों और डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने किले का दौरा कर वहां किए जा रहे प्रबंधों और मौजूदा स्थिति का जायजा लिया।
विधायक गुरदित्त सिंह सेखों ने बताया कि श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित एक विशाल नगर कीर्तन 2 दिसंबर को किला मुबारक से आरंभ होगा। इससे पहले 26 नवंबर से 2 दिसंबर तक इस ऐतिहासिक धरोहर को आम लोगों के लिए खोला जा रहा है, ताकि शहरवासी और विशेषकर युवा पीढ़ी अपनी समृद्ध विरासत से रूबरू हो सके। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार राज्य की ऐतिहासिक इमारतों की संभाल और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए पूरी तरह वचनबद्ध है।
डीसी की अपील- सफाई और गरिमा बनाए रखें
डिप्टी कमिश्नर राहुल चाबा ने शहरवासियों और पर्यटकों से अपील की कि वे इस ऐतिहासिक धरोहर को देखने जरूर आएं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जिला प्रशासन की ओर से लोगों की सुविधा के लिए पुख्ता प्रबंध किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने लोगों से किला परिसर की साफ-सफाई और इसकी ऐतिहासिक गरिमा बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की अपील की। इस मौके पर नगर कौंसिल प्रधान बलजिंदर सिंह आहूजा, नायब तहसीलदार गुरचरण सिंह और अमरजीत परमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।