समाचार · मध्य प्रदेश
56 सब्जियों से बना गोवर्धन व्यंजन, भगवान को लगाया भोग:राम मंदिर में अन्नकूट पर श्रद्धालुओं को ली प्रसादी, खेड़ापति हनुमान मंदिर में भी हुए कार्यक्रम
आलीराजपुर जिले के जोबट में मंगलवार को गोवर्धन पूजा पर अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। राम मंदिर में वाणी समाज की लड्डू गोपाल समिति ने आयोजन किया। यहां भगवान को 56 तरह की सब्जियों से तैयार गोवर्धन की सब्जी का भोग लगाया गया। पूजा के बाद करीब 2 हजार श्रद्धालुओं को प्रसादी बांटी गई। नगर के खेड़ापति हनुमान मंदिर में भी अन्नकूट महोत्सव मनाया गया। दोनों मंदिरों में श्रद्धालुओं ने भगवान के दर्शन किए और प्रसादी ग्रहण की। इन सब्जियों से तैयार हुआ व्यंजन राम मंदिर में बनाई गई गोवर्धन की सब्जी में आलू, शकरकंद, मूली, गाजर, अरबी, जिमीकंद, फूलगोभी, पत्तागोभी, कद्दू, लौकी, बैंगन, टिंडे, परवल और खीरे का इस्तेमाल किया गया। इसके अलावा मटर, सेम, ग्वार फली, लोबिया, पालक, मेथी, शिमला मिर्च, भिंडी सहित अन्य मौसमी सब्जियां भी मिलाई गईं। सभी सब्जियों को पारंपरिक तरीके से पकाकर भगवान को भोग लगाया गया और बाद में श्रद्धालुओं में प्रसादी के रूप में बांटा गया। गोवर्धन लीला की याद में मनाते हैं अन्नकूट अन्नकूट महोत्सव भगवान श्रीकृष्ण की गोवर्धन लीला की याद में मनाया जाता है। धार्मिक मान्यता के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने ब्रजवासियों को इंद्र के प्रकोप से बचाने के लिए अपनी छोटी अंगुली पर गोवर्धन पर्वत उठाया था। मान्यता है कि ब्रजवासियों ने सात दिनों तक पर्वत के नीचे आश्रय लिया। इसके बाद भगवान के प्रति आभार जताने के लिए कई तरह के पकवानों का भोग लगाया गया। इसी प्रसंग की याद में हर साल गोवर्धन पूजा पर अन्नकूट महोत्सव मनाया जाता है।