समाचार · मध्य प्रदेश
सफेद कोट पहनकर मेडिकल छात्रों ने ली सेवा की शपथ:बिरसा मुंडा मेडिकल कॉलेज में समारोह; मरीजों की गरिमा और गोपनीयता बनाए रखने का संकल्प लिया
बिरसा मुंडा शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय में गुरुवार को एमबीबीएस सत्र 2026-27 के नए विद्यार्थियों का व्हाइट कोट और शपथ ग्रहण समारोह हुआ। विद्यार्थियों ने सफेद कोट पहनकर मरीजों की सेवा, चिकित्सकीय नैतिकता और मानवीय मूल्यों का पालन करने का संकल्प लिया। महाविद्यालय के व्याख्यान कक्ष में कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसमें अधिष्ठाता डॉ. गिरीश बी. रामटेके, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नागेंद्र सिंह, डॉ. विक्रांत कबीरपंथी, विभागाध्यक्ष, प्राध्यापक, विद्यार्थी और उनके अभिभावक मौजूद रहे। चिकित्सा अधीक्षक डॉ. नागेंद्र सिंह ने कहा कि डॉक्टर का काम सिर्फ बीमारी का इलाज करना नहीं है। मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, सेवा भावना और मानवीय नजरिया भी जरूरी है। डॉक्टर बनना समाज और मानवता के प्रति जिम्मेदारी है अधिष्ठाता डॉ. गिरीश बी. रामटेके ने कहा कि डॉक्टर बनना समाज और मानवता के प्रति जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से अनुशासन और ईमानदारी के साथ पढ़ाई करने की बात कही। समारोह में विद्यार्थियों ने मरीजों की गरिमा और गोपनीयता बनाए रखने, बिना भेदभाव इलाज करने और मानवता की सेवा के लिए समर्पित रहने की शपथ ली। कार्यक्रम के अंत में धन्यवाद ज्ञापन हुआ और सामूहिक फोटो लिया गया।