Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

रोहतक में वरना गाड़ी ने मारी मां-बेटी को टक्कर:सीसीटीवी में कैद हुई घटना, लोगों ने आरोपियों को मौके पर पकड़ा

INT News25 October 2026 at 07:37 pm

रोहतक के जाट भवन के पास पार्क में सैर करने के लिए जा रही मां-बेटी को पीछे से तेज रफ्तार में आ रही वरना गाड़ी ने टक्कर मारी, जिसमें मां-बेटी घायल हो गई। राहगीरों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गाड़ी सवार दो आरोपियों को पकड़ लिया, जबकि घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। हादसे में घायल हुई नीलम पत्नी स्वर्गीय नरेंद्र सिंह मलिक ने बताया कि वह गोपाल कॉलोनी में रहती है और अपनी मां कृष्णा देवी के साथ शाम करीब साढे 4 बजे सैर करने के लिए देवीलाल पार्क में जा रही थी। इसी दौरान करीब पौने 5 बजे जाट भवन के पास एक वरना गाड़ी पीछे से आई, जिसने दोनों को टक्कर मारी। गाड़ी की टक्कर से दूर जाकर गिरी महिला

नीलम ने बताया कि गाड़ी की टक्कर लगने के बाद वह उछलकर दूर गिरी, जबकि उसकी मां कृष्णा देवी गाड़ी के आगे गिरी। गाड़ी सवार आरोपियों ने उसकी मां के ऊपर गाड़ी चढ़ा दी, जिसके कारण कृष्णा देवी गाड़ी में फंस गई। आसपास के लोगों ने जब घटना देखी तो वह दौड़े और आरोपियों की गाड़ी को रूकवाकर उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया। शराब के नशे में थे आरोपी

नीलम ने बताया कि आरोपियों को जब गाड़ी से उतारा तो वह शराब के नशे में लग रहे थे। राहगीरों ने उसकी मां कृष्णा देवी को गाड़ी के नीचे से निकाला और उन्हें घायल अवस्था में पीजीआई में भर्ती करवाया। जबकि मामले में अर्बन एस्टेट थाना पुलिस को सूचना दी। सीसीटीवी में कैद हुई पूरी घटना

जाट भवन के पास मां-बेटी को गाड़ी से टक्कर मारने की घटना सीसीटीवी में कैद हो गई। इसमें सफेद रंग की वरना गाड़ी पीछे से दो महिलाओं को टक्कर मारते हुए दिखाई दे रही है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लिया। पुलिस मामले में कर रही जांच

अर्बन एस्टेट थाना SHO कमलजीत ने बताया कि जाट भवन के पास एक सड़क हादसे की सूचना मिली थी। सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घायल महिलाओं को अस्पताल में भर्ती करवाया गया। घायल महिला की शिकायत पर गाड़ी सवार आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। पुलिस मामले में जांच कर रही है।