समाचार · मध्य प्रदेश
ड्रायफ्रूट से महाकाल का राजा स्वरूप में शृंगार:रजत चंद्र-त्रिशूल और मुंडमाल धारण कराए, मंगलवार को भस्म आरती में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु
भगवान महाकाल के दरबार में मंगलवार को राजा स्वरूप की छटा दिखाई दी। ड्रायफ्रूट से किए गए विशेष शृंगार के साथ बाबा महाकाल ने रजत चंद्र, त्रिशूल और त्रिपुंड धारण कर भक्तों को दर्शन दिए। शेषनाग का रजत मुकुट, रजत मुंडमाल, रुद्राक्ष और सुगंधित पुष्पों की माला ने शृंगार को खास बनाया। तड़के 4 बजे मंदिर के पट खुलने के बाद हरि ओम जल से अभिषेक और पंचामृत पूजन किया गया। दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से बने पंचामृत से भगवान का पूजन हुआ। फल और मिष्ठान का भोग लगाया गया। नंदी हॉल में नंदीजी के पूजन के बाद झांझ, मंजीरे और डमरू की गूंज के बीच भस्म आरती हुई। महा निर्वाणी अखाड़े की ओर से भगवान को भस्म अर्पित की गई। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भस्म आरती में शामिल होकर बाबा के दर्शन किए। मान्यता है कि भस्म अर्पण के बाद भगवान निराकार से साकार रूप में दर्शन देते हैं।