समाचार · हरियाणा
विद्यार्थी हिंदी-अंग्रेजी वर्तनी व लेखन में दिखाएंगे हुनर
| सोनीपत सरकारी स्कूलों में विद्यार्थियों की पढ़ने की आदत विकसित करने, भाषा ज्ञान बढ़ाने और रचनात्मक प्रतिभा निखारने के लिए शिक्षा विभाग विशेष अभियान चलाएगा। समग्र शिक्षा के तहत प्रदेश के सरकारी स्कूलों में कक्षा छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों के लिए 16 से 21 नवंबर तक स्पेल बी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इसके लिए हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद ने बजट जारी करने के साथ गाइडलाइन भी जारी की है। एपीसी डॉ. अतर सिंह ने बताया कि कक्षा पहली से पांचवीं तक के विद्यार्थियों में पढ़ने की रुचि बढ़ाने के लिए स्कूलों में रीडिंग क्लब बनाए जाएंगे। इनमें बच्चों की उम्र और कक्षा के अनुसार पुस्तकें उपलब्ध कराई जाएंगी। स्कूल प्रबंधन समिति (एसएमसी) और अभिभावक-शिक्षक बैठक (पीटीएम) के माध्यम से अभिभावकों और समुदाय की भागीदारी भी सुनिश्चित की जाएगी। स्थानीय प्रभावशाली वक्ताओं और अन्य लोगों को भी स्कूलों में आमंत्रित किया जाएगा। विशेष आवश्यकता वाले विद्यार्थियों (सीडब्ल्यूएसएन) को जरूरत के अनुसार सहायक सामग्री और पांच मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। प्रतियोगिताओं में विशेष शिक्षकों की मदद ली जाएगी। प्रत्येक स्कूल में एबीआरसी, बीआरपी और स्कूल मुखिया की तीन सदस्यीय टीम आयोजन करवाएगी। प्रत्येक श्रेणी में तीनों कक्षाओं से एक-एक विद्यार्थी का चयन होगा। इस तरह हर स्कूल से 12 विद्यार्थी ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। ^विद्यार्थियों में रीडिंग हेबिट, रचनात्मक व भाषा ज्ञान बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा। छठी से आठवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों के लिए स्पेल बी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। जिसमें वाद-विवाद, कहानी लेखन, हिंदी व अंग्रेजी वर्तनी आदि स्पर्धाओं में भाग लेंगे।- कृष्णा खत्री, डीपीसी, सोनीपत। कक्षा छठी से आठवीं तक चार श्रेणियों में प्रतियोगिताएं होंगी। इनमें हिंदी वाद-विवाद, हिंदी वर्तनी, अंग्रेजी स्पेल बी और कहानी लेखन शामिल हैं। वर्तनी प्रतियोगिताओं में 20 शब्दों की डिक्टेशन में कम से कम 18 सही लिखने वाले विद्यार्थी स्कूल स्तरीय प्रतियोगिता के लिए चयनित होंगे। इसके बाद हिंदी वर्तनी के लिए 40 शब्दों की डिक्टेशन और अंग्रेजी स्पेल बी के लिए 40 शब्दों की परीक्षा होगी। कहानी लेखन में विद्यार्थियों को 150 से 200 शब्दों की कहानी लिखनी होगी।