समाचार · मध्य प्रदेश
रीवा में 18 हजार रुपए के लिए बुजुर्ग की हत्या:गला घोंटने के बाद जंगल में 6 फीट गहरी कब्र में दफनाया शव; दो युवकों समेत नाबालिग गिरफ्तार
रीवा के अतरैला थाना क्षेत्र में 60 वर्षीय लख्खू चिकवा की हत्या के पीछे 18 हजार रुपए की लूट की वजह सामने आई है। लूना गाड़ी खरीदने के लिए घर से निकले बुजुर्ग की तीन लोगों ने गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव खेत में करीब 6 फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया और लूना को झाड़ियों में छिपा दिया। पुलिस ने सोमवार देर रात मामले का खुलासा करते हुए दो युवकों को गिरफ्तार किया है। वारदात में एक नाबालिग भी शामिल था। लूना खरीदने निकले थे, रास्ते में बनाया निशाना चौखंडी गांव निवासी लख्खू चिकवा 6 नवंबर को 18 हजार रुपए लेकर लूना खरीदने घर से निकले थे। शाम तक वापस नहीं लौटे तो पत्नी रामबाई चिकवा ने तलाश शुरू की। जानकारी नहीं मिलने पर अतरैला थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। परिजन और ग्रामीण भी उनकी तलाश में जुट गए। खोजबीन के दौरान ग्राम कुरेली में बरसाती द्विवेदी की पड़ती जमीन के पास झाड़ियों में लख्खू की लूना मिली। कुछ दूरी पर मिट्टी की नई परत दिखाई दी। शक होने पर मिट्टी हटाई गई तो करीब 6 फीट गहरे गड्ढे में उनका शव दफन मिला। 18 हजार रुपए बांट लिए, मोबाइल भी ले गए पुलिस पूछताछ में बुद्धसेन कोल उर्फ मोहन उर्फ जोधा (22), निवासी पाण्डेय कुरेली और प्रभुनाथ कोरी उर्फ लल्लली (21), निवासी कुरेली के नाम सामने आए। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने एक नाबालिग के साथ मिलकर हत्या करना स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि उनकी नजर लख्खू के पास रखे 18 हजार रुपए पर थी। रकम छीनने के लिए उन्होंने उनका गला घोंट दिया। हत्या के बाद शव को खेत में दफनाकर ऊपर मिट्टी डाल दी और लूना झाड़ियों में छिपा दी। तीनों ने 18 हजार रुपए आपस में बांट लिए और मृतक का मोबाइल भी अपने साथ ले गए। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 12 हजार 600 रुपए, नीले रंग का नोकिया कीपैड मोबाइल और लूना गाड़ी बरामद की है। दोनों युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि नाबालिग के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तारी की मांग को लेकर किया था चक्काजाम शव मिलने के बाद परिजनों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर चक्काजाम किया था। करीब 48 घंटे तक गिरफ्तारी नहीं होने पर परिजनों ने नाराजगी जताई और दोबारा चक्काजाम व धरने की चेतावनी दी थी। अब पुलिस ने मामले का खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।