समाचार · हरियाणा
गुरुपर्व पर गुरुद्वारा हुकमसर साहिब में 20 नवंबर को सजेगा महान गुरमति समागम
| अम्बाला गुरुपर्व के उपलक्ष्य में गांव रवालों स्थित गुरुद्वारा श्री हुकमसर साहिब में 20 नवंबर को महान गुरमति समागम आयोजित किया जाएगा। इसमें बाबा विधिचंद दल हाथी और घोड़ों के साथ पहुंचेगा। समागम में सिख धर्म की शौर्य और वीरता की परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। मोहल्ला और घोड़ों की दौड़ आयोजन के मुख्य आकर्षण रहेंगे। कार्यक्रम को लेकर गुरुद्वारा साहिब में तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। मुख्य सेवादार बाबा हरबंस सिंह की देखरेख में समागम आयोजित होगा। गुरुपर्व कार्यक्रमों की शुरुआत 18 नवंबर को श्री अखंड पाठ साहिब के आरंभ के साथ होगी। 20 नवंबर को सुबह 9 बजे श्री अखंड पाठ साहिब का भोग डाला जाएगा। इसके बाद सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक धार्मिक दीवान सजाए जाएंगे। रागी और प्रचारक गुरबाणी तथा गुरु साहिब की शिक्षाओं के माध्यम से संगत को निहाल करेंगे। मोहल्ले में दिखेगा सिख योद्धाओं का शौर्य धार्मिक दीवान के बाद बाबा विधिचंद छीना गुरु का सीना की ओर से मोहल्ला खेला जाएगा। इसमें निहंग सिंह पारंपरिक वेशभूषा और शस्त्रों के साथ अपने करतब दिखाएंगे। इसके साथ घोड़ों की दौड़ भी होगी। घुड़सवारों के करतब और घोड़ों की रफ्तार दर्शकों के आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इस आयोजन को देखने के लिए आसपास के गांवों से भी बड़ी संख्या में संगत पहुंचती है।