समाचार · उत्तर प्रदेश
गोलगप्पे का स्वाद पड़ा भारी, सिद्धार्थनगर के 2 गांवों में 180 से अधिक लोग बीमार, 75 अस्पताल में भर्ती

UP News: सिद्धार्थनगर में चटपटे गोलगप्पे का स्वाद दो गांवों के लोगों के लिए मुसीबत बन गया. एक ही दुकानदार से गोलगप्पे खाने के बाद कलनाखोर और पेडारी गांव में उल्टी-दस्त की शिकायत फैल गई. देखते ही देखते बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग इसकी चपेट में आ गए. अब तक 180 से अधिक लोगों के बीमार होने की सूचना है. करीब 75 मरीजों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराना पड़ा है. हालांकि, चिकित्सकों के मुताबिक सभी मरीजों की हालत खतरे से बाहर है
एक ही दुकानदार से गोलगप्पे खाने के बाद बिगड़ी तबीयत
मामला सिद्धार्थनगर जिले के खेसरहा क्षेत्र का है. जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कलनाखोर और पेडारी गांव के करीब 180 लोगों ने एक ही दुकानदार से गोलगप्पे खाए थे. इसके कुछ घंटे बाद ही लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी. शुरुआत में कई लोगों ने स्थानीय निजी अस्पतालों और मेडिकल स्टोर से दवाएं लीं. इससे कुछ समय के लिए राहत मिली, लेकिन शनिवार रात अचानक फिर मरीजों की संख्या बढ़ने लगी.
मेडिकल कॉलेज में 25 मरीज भर्ती, बच्चों का पीआईसीयू में इलाज
तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर पीड़ितों को माधव प्रसाद त्रिपाठी मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया. शनिवार देर रात से रविवार दोपहर तक यहां कुल 25 मरीज भर्ती कराए गए. इनमें दो से 15 वर्ष तक के बच्चे भी शामिल हैं. बच्चों को पीआईसीयू वार्ड में रखा गया है. वहीं, अन्य मरीजों का इमरजेंसी में इलाज चल रहा है. मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. एसएन उपाध्याय ने इमरजेंसी पहुंचकर मरीजों का हाल जाना. उन्होंने चिकित्सकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए.
सीएमओ ने गांव पहुंचकर लिया हालात का जायजा
घटना की जानकारी मिलते ही सीएमओ डॉ. संजय कुमार दोहरे स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ दोनों गांवों में पहुंचे. उन्होंने प्रभावित परिवारों से बातचीत की और बीमार लोगों की स्थिति की जानकारी ली. साथ ही स्वास्थ्य विभाग की टीम को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए. सीएमओ के अनुसार, दोनों गांवों में 180 से अधिक लोग प्रभावित हुए हैं. सभी की स्थिति फिलहाल खतरे से बाहर है.