Tuesday, 10 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

जिन्हें सांपों ने डसा, बागियों के मंदिर आएंगे:मेले में पहली बार एक्सप्रेस सिस्टम; सुरक्षा के लिए दो हजार पुलिसकर्मी

INT News10 November 2026 at 07:28 am

दतिया के विंध्याचल पर्वत पर विराजीं रतनगढ़ माता के मंदिर में हर सल दीपावली के भाईदूज पर लगने वाला लख्खी मेला शुरू हो गया है। आधी रात से लोगों का पहुंचने लगे थे। मेले में सर्पदंश से पीड़ित लोग आते हैं। मान्यता है कि सांप के जहर से बचने के लिए लोग रतनगढ़ वाली माता का बंध (मन्नत) लगाते हैं। ठीक होने पर दरबार में हाजिरी देते हैं। दो दिन में करीब 25 से 30 लाख लोगों के पहुंचने का अनुमान है। यहां मध्यप्रदेश के अलावा, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली सहित अन्य प्रांतों से श्रद्धालु आते हैं। इसे बागियों का मंदिर भी कहते हैं। बताया जाता है कि चंबल के बागी पुलिस को चुनौती देकर रतनगढ़ मंदिर में घंटा चढ़ाने आते थे। दर्शन से पहले श्रद्धालु सिंध नदी में स्नान करते हैं। सुरक्षा के लिए दो हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। 100 से ज्यादा सीसीटीवी, 40 से ज्यादा स्ट्रेचर और 18 एम्बुलेंस की व्यवस्था है। वाहनों के लिए 25 पार्किंग पॉइंट निगरानी के लिए कंट्रोल रूम भी बनाया गया है। पढ़िए रिपोर्ट… पहली बार एक्सप्रेस सिस्टम, एंट्री और एग्जिट अलग–अलग प्रशासन ने मेले के लिए स्मार्ट मैनेजमेंट मॉडल बनाया है। भीड़ प्रबंधन के लिए पहली बार एंट्री और एग्जिट के लिए अलग-अलग मार्ग बनाए हैं। मुख्य पार्किंग मंदिर से चार किमी दूर बसई मालक में है। इसकी क्षमता करीब छह हजार वाहनो की है। इसके अलावा, 8 किमी दूरी पर 10 हजार वाहनों की क्षमता वाली दूसरी पार्किंग दूल्हादेव में है। तीसरी– 11 किमी दूरी पर भगुवापुरा और चौथी पार्किंग खंजापुरा में मंदिर से 13 किमी की दूरी पर है। इसके अलावा, ग्वालियर रोड मार्ग पर देवगढ़ के पास पार्किंग है, जो मंदिर से 4.5 किमी दूरी पर है। किसानों ने टाली खेतों की बुवाई प्रशासन का अनुमान है कि इस बार 25 से 30 लाख लोगों के आने का अनुमान है। हर पार्किंग स्थल पर साइन बोर्ड, स्वयंसेवक, पुलिस बल और मेडिकल टीम तैनात है। स्वागत द्वार, जगह-जगह भोजन-जल सेवा के कैंप भी हैं। मेले को देखते हुए आसपास के किसानों ने खेतों की बुवाई टाल दी, जिससे पार्किंग और कैंपों के लिए जगह मिल सके। करीब 2500 से ज्यादा श्रद्धालु ठहरने की व्यवस्था बसई मलक पार्किंग से लेकर मंदिर के रास्ते तक 10 यात्री प्रतीक्षालय बनाए हैं। रतनगढ़ सेवा समिति द्वारा भी यज्ञ शाला के पीछे खुला विश्राम स्थल है। इस बार, बसई मलक की ओर से आने वाले श्रद्धालु सीढ़ियां चढ़कर सीधे मंदिर पहुंच रहे हैं। यहां से पहाड़ी के रास्ते कुंवर बाबा मंदिर तक जा रहे हैं। वहीं, जवारे वाले चबूतरे के नए रास्ते पर बनी से वापसी भेजा जा रहा है। नदी में स्नान के बाद स्ट्रेचर पर मंदिर पहुंचेंगे सर्पदंश से पीड़ित लोग सिंध नदी में स्नान करने जाएंगे। यहां से स्ट्रेचर पर सर्पदंश पीड़ित जो नदी के पुल पर पहुंचेंगे या फिर नदी में स्नान करने जाएंगे उन्हें मैर आने पर स्ट्रेचर से कुंअर बाबा के सामने पहुंचाया जाएगा। यहां बंध कटेगा। मंदिर में चार जगह एलईडी भी लगाई गई है। मेला परिसर को 22 सेक्टर में बांटा गया है। माता के भाई थे कुंवर रामदेव मान्यता के अनुसार कुंवर बाबा यानी कुंवर गंगा रामदेव रतनगढ़ वाली माता के भाई हैं। कुंवर बाबा अपनी बहन से बेहद स्नेह करते थे। वे जब जंगल में शिकार करने जाते थे, तब जहरीले जानवर अपना विष बाहर निकाल देते थे, इसलिए जब किसी इंसान को विषैला जीव सर्प आदि काट लेता है, तो घाव पर माता रतनगढ़ के नाम का बंधन लगाते हैं। यानी माता का नाम लेकर तुलसी के गमले की मिट्टी या घर के मंदिर की ही भभूत से सर्प दंश वाले स्थान के ऊपर घेरा बना देते हैं। मुस्लिम शासक अलाउद्दीन खिलजी ने किया था हमला 13वीं शताब्दी में मुस्लिम शासक अलाउद्दीन खिलजी ने मेवाड़ पर आक्रमण के बाद रतनगढ़ पर हमला किया था। अलाउद्दीन खिलजी की नजर यहां की राजकुमारी पर थी। रतनगढ़ के राजा रतन सिंह के सात राजकुमार और एक पुत्री थी। वह बहुत सुंदर थी। खिलजी और रतन सिंह के बीच घमासान युद्ध हुआ, जिसमें रतन सिंह और उनके छह पुत्र मारे गए। राजा के सातवें पुत्र कुंवर गंगा रामदेव पर रनिवास की रक्षा का भार था। राजकुमारी मांडुला ने उन्हें तिलक कर व तलवार देकर विदा किया। उन्होंने कहा कि युद्ध में जीत के बाद आप ध्वज फहरा देना। कुंवर महाराज ने सैकड़ों मुगल सैनिकों को ढेर किया। युद्ध में उनका हाथ कट जाने से वे ध्वज नहीं फहरा सके। शाम होने पर मांडुला को लगा कि अनहोनी हो गई। उन्होंने पहाड़ी पर जीवित समाधि ले ली। युद्ध के बाद जब कुंवर गंगा रामदेव वापस आए, तो बहन को नहीं पाकर उन्होंने भी कुछ दूरी पर समाधि ले ली, तभी से यह स्थान अस्तित्व में है। राजकुमारी की यहां माता के रूप में पूजा होती है। पुलिस को चैलेंज कर डाकू आते थे दर्शन करने बीहड़, बागी और बंदूक के लिए कुख्यात रही तीन प्रदेशों में फैली चंबल घाटी के डकैत भी यहां आते रहे हैं। डाकू (बागी) पुलिस को चैलेंज देकर इस मंदिर में दर्शन करने आते थे। इस दौरान एक भी डकैत नहीं पकड़ा गया। चंबल के बीहड़ भी ऐसे डाकू स्वीकार नहीं करते थे, जिसने इस मंदिर में घंटा ना चढ़ाया हो। इलाके का ऐसा कोई बागी नहीं, जिसने यहां आकर माथा ना टेका हो। माधव सिंह, मोहर सिंह, मलखान, मानसिंह, जगन गुर्जर से लेकर फूलन देवी ने माता के चरणों में माथा टेक कर, घंटा चढ़ा कर आशीर्वाद लिया है। इस दौरान मंदिर या जंगल में आने वाले भक्तों से डाकुओं ने वारदात नहीं की।