समाचार · मध्य प्रदेश
मंदसौर में सुबह 8 बजे खुलेंगे खाद केंद्र:शनिवार को भी होगा वितरण; 13 केंद्रों पर 5-5 POS मशीनें, 104 निजी दुकानों पर भी मिलेगा उर्वरक
मंदसौर में रबी सीजन के दौरान किसानों को खाद आसानी से मिले, इसके लिए जिला प्रशासन ने वितरण व्यवस्था में बदलाव किया है। जिले के सभी 13 नगद विक्रय केंद्र सुबह 8 बजे खुलेंगे। अब शनिवार को भी खाद मिल सकेगा। हर केंद्र पर POS मशीनों की संख्या बढ़ाकर 5 की जाएगी। इसके लिए शासन से 100 मशीनें और मंगवा रहा है। कलेक्टर दिव्यांक सिंह ने रविवार को कलेक्ट्रेट में भारतीय किसान संघ के पदाधिकारियों और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को सभी प्रकार के उर्वरक कम से कम समय में उपलब्ध कराए जाएं। POS मशीनों के संचालन के लिए प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती हो। डबल लॉक केंद्रों पर अतिरिक्त अमला लगाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक की तस्वीरें… 104 निजी दुकानों पर भी मिलेगा खाद सहकारी समितियों और नगद विक्रय केंद्रों के अलावा जिले की 104 निजी दुकानों पर भी उर्वरक उपलब्ध हैं। प्रशासन के अनुसार, केंद्रों पर यूरिया, डीएपी सहित अन्य उर्वरकों का पर्याप्त स्टॉक रखने की व्यवस्था की गई है। समितियों के उपकेंद्रों पर भी सभी प्रकार के उर्वरक उपलब्ध कराए जा रहे हैं। ताकि किसानों को अलग-अलग खाद के लिए कई दुकानों के चक्कर न लगाने पड़ें। कलेक्टर ने उपसंचालक कृषि को निजी उर्वरक विक्रेताओं की जानकारी का प्रचार-प्रसार करने के निर्देश दिए। ताकि किसान नजदीकी दुकानों से भी खाद खरीद सकें। यूरिया की दूसरी खेप आने की संभावना बैठक में उपसंचालक कृषि रविंद्र मोदी ने बताया कि जिले में उर्वरक की आपूर्ति जारी है। नेशनल फर्टिलाइजर्स लिमिटेड की एक रैक नीमच में लगी है। उन्होंने बताया कि रविवार शाम तक कृभको की एक और रैक आने की संभावना थी। इससे 3,000 मीट्रिक टन यूरिया मिलने की जानकारी दी गई। इसके अलावा सोमवार को लगभग 2,500 मीट्रिक टन यूरिया की एक और रैक आने की संभावना जताई गई। इन रैकों के पहुंचने की ताजा स्थिति की पुष्टि जरूरी है। प्रशासन ने किसानों से खाद की कमी से जुड़ी अफवाहों पर ध्यान न देने और वितरण केंद्रों पर एक साथ भीड़ लगाने से बचने की अपील की है। बैठक में भारतीय किसान संघ के जिला पदाधिकारी भंवर सिंह पवार, प्रीतिपाल सिंह देवड़ा, आशा कुंवर राठौर, राधेश्याम भाटी, बालेश्वर पाटीदार, प्यारचंद भारती, शकुंतला परमार, भंवरलाल शर्मा और मोहनलाल बोडाना सहित जिला सहकारी केंद्रीय बैंक, मार्केटिंग फेडरेशन, एमपी एग्रो तथा कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।