Monday, 30 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

Exclusive : आजादी के 79 साल बाद भी कोल्हान के 590 टोले अंधेरे में, जानें क्यों नहीं पहुंची बिजली

INT News29 November 2026 at 09:14 pm

जमशेदपुर : कोल्हान के सैकड़ों टोले आज भी बिजली की रोशनी से महरूम हैं. शाम ढलते ही इन गांवों में अंधेरा छा जाता है और ग्रामीणों को अब भी बिजली का इंतजार है. राज्य सरकार ने हर घर तक बिजली पहुंचाने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना शुरू की थी. इसके तहत कोल्हान के तीन जिलों के 1449 टोलों को चिह्नित कर अगस्त 2026 तक विद्युतीकरण पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था. लेकिन निर्धारित समयसीमा बीतने के बाद भी करीब 590 टोले बिजली से वंचित हैं. अब बिजली विभाग ने योजना की समयसीमा बढ़ाकर दिसंबर 2026 कर दी है. हालांकि, काम की मौजूदा स्थिति और कई तकनीकी व प्रशासनिक अड़चनों को देखते हुए दिसंबर तक भी सभी टोलों में बिजली पहुंचाना मुश्किल नजर आ रहा है.

निजी जमीन पर बिजली के खंभे लगाने को लेकर विरोध

बिजली विभाग के अनुसार, विद्युतीकरण का काम वन विभाग से मंजूरी नहीं मिलने, गांवों तक पहुंचने के लिए रास्ता नहीं होने और निजी जमीन पर बिजली के खंभे लगाने को लेकर विरोध के कारण प्रभावित हो रहा है. इन समस्याओं के चलते कई स्थानों पर काम आगे नहीं बढ़ पा रहा है. इसका खामियाजा उन ग्रामीणों को भुगतना पड़ रहा है, जो लंबे समय से बिजली कनेक्शन मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं.

कोल्हान के तीन जिलों में विद्युतीकरण की स्थिति

मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना के तहत पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां के कुल 1449 टोलों को चिह्नित किया गया था. विभागीय आंकड़ों के मुताबिक, पश्चिमी सिंहभूम में 1161, पूर्वी सिंहभूम में 201 और सरायकेला-खरसावां में 87 टोले शामिल हैं. इनमें बड़ी संख्या में टोले अब भी विद्युतीकरण का इंतजार कर रहे हैं. राज्य स्तर पर भी स्थिति संतोषजनक नहीं है. कुल 7970 टोलों के विद्युतीकरण का लक्ष्य रखा गया था, जिनमें से 4409 टोले अब भी बिजली से वंचित बताए गए हैं.

बिजली पहुंचाने में ये तीन बड़ी अड़चनें

वन विभाग से नहीं मिल रही मंजूरी : वन भूमि पर बिजली के खंभे लगाने के लिए वन विभाग की अनुमति जरूरी है. स्वीकृति नहीं मिलने के कारण वन क्षेत्रों में बसे कई गांवों और टोलों तक बिजली पहुंचाने का काम अटका हुआ है.

दुर्गम रास्तों से उपकरण पहुंचाना मुश्किल : कई टोले ऐसे इलाकों में बसे हैं, जहां सड़क या आवागमन का सुगम रास्ता नहीं है. ऐसे में बिजली के खंभे, तार और अन्य उपकरण पहुंचाने में परेशानी हो रही है. इससे निर्माण कार्य की गति प्रभावित हो रही है.

निजी जमीन पर खंभे लगाने का विरोध : कई स्थानों पर बिजली के खंभे लगाने के लिए निजी जमीन की जरूरत पड़ रही है. लेकिन जमीन मालिकों की ओर से अनुमति नहीं मिलने और विरोध किए जाने के कारण विद्युतीकरण का काम पूरा नहीं हो पा रहा है.

तीन जिलों में 255.41 करोड़ रुपये का बजट

मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना के तहत कोल्हान के तीनों जिलों में विद्युतीकरण के लिए कुल 255.41 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है. इसमें सबसे अधिक 211.50 करोड़ रुपये पश्चिमी सिंहभूम के लिए रखे गये हैं. पूर्वी सिंहभूम के लिए 25.79 करोड़ और सरायकेला-खरसावां के लिए 18.12 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. बजट में उपकरणों की खरीद और मैनपावर पर होने वाला खर्च शामिल है.

तीन नवंबर 2023 को कैबिनेट से मिली थी मंजूरी

मुख्यमंत्री उज्ज्वल झारखंड योजना को तीन नवंबर 2023 को राज्य कैबिनेट से मंजूरी मिली थी. इसके तहत ग्रामीण क्षेत्रों के छूटे हुए टोलों और घरों के साथ शहरी क्षेत्रों के उन स्थानों तक बिजली पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया था, जो अब तक विद्युतीकरण से वंचित थे. योजना का क्रियान्वयन जुलाई 2024 से अगस्त 2026 तक किया जाना था. लेकिन निर्धारित अवधि में काम पूरा नहीं होने के कारण इसकी समयसीमा दिसंबर 2026 तक बढ़ा दी गयी है.

क्या कहते हैं अधिकारी

बिजली विभाग के जीएम अजीत कुमार ने बताया - विद्युतीकरण का काम तेजी से चल रहा है. काम पूरा नहीं होने का मुख्य कारण वन विभाग से स्वीकृति नहीं मिलना है. साथ ही कई लोग अपनी जमीन पर बिजली के खंभे लगाने की अनुमति नहीं देते हैं. इन कारणों से अभी कई टोलों तक बिजली नहीं पहुंच पायी है.

ये भी पढ़ें : Video : ब्राउन शुगर बेचने से रोका तो निकाली पिस्टल और चला दी गोली, जानें फायरिंग में कितने घायल

योजना का बजट : एक नजर में

पश्चिमी सिंहभूम

कुल बजट : 211.50 करोड़ रुपये

उपकरणों पर खर्च : 176.16 करोड़ रुपये

मैनपावर पर खर्च : 35.35 करोड़ रुपये

सरायकेला-खरसावां

कुल बजट : 18.12 करोड़ रुपये

उपकरणों पर खर्च : 13.90 करोड़ रुपये

मैनपावर पर खर्च : 4.22 करोड़ रुपये

पूर्वी सिंहभूम

कुल बजट : 25.79 करोड़ रुपये

उपकरणों पर खर्च : 19.48 करोड़ रुपये

मैनपावर पर खर्च : 6.31 करोड़ रुपये

ये भी पढ़ें : मौसम में बदलाव के साथ बढ़ी ठंड, सबर बस्तियों में अब तक नहीं बंटे सरकारी कंबल, ठिठुर रहे सबर